सौमित्र चटर्जी के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, सीएम ममता ने भी रविंद्र सदन पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली: दिग्गज बंगाली एक्टर सौमित्र चटर्जी का रविवार दोपहर निधन हो गया। कई हफ्तों पहले वो कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। बाद में उनकी रिपोर्ट तो निगेटिव आई लेकिन वायरस की वजह से कुछ अंगों को नुकसान पहुंचा था। उनके निधन से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। साथ ही वहां शोक की लहर है। रविवार शाम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी सौमित्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

Recommended Video
चटर्जी के निधन के बाद कोलकाता स्थित रविंद्र सदन में उनका पार्थिव शरीर रखा गया है, ताकी उनके फैन्स उनके अंतिम दर्शन कर सकें। इस बीच बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ममता बनर्जी ने कहा कि सौमित्र चटर्जी के निधन से अंतरराष्ट्रीय, भारतीय और बंगाली सिनेमा ने अपना दिग्गज खो दिया है। पूरे बंगाल के लिए आज दुख का दिन है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
क्यों बिगड़ी थी हालत?
85 वर्षीय सौमित्र चटर्जी को 6 अक्टूबर को कोलकाता के बेले व्यू क्लिनिक अस्पताल में एडमिट करवाया गया था। चटर्जी का इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम को लीड कर रहे डॉ. अरिंदम कार ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव तो आ गई थी, लेकिन चेतना पिछले हफ्ते की तुलना में कम होती जा रही थी। डॉक्टरों ने उनकी एन्सेफैलोपैथी (मस्तिष्क के कार्यों को प्रभावित करने वाली बीमारी) के कारणों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोविड -19 के अलावा कोई अन्य कारण नहीं मिला। चटर्जी के इलाज के लिए देश-विदेश के कई न्यूरो स्पेशलिस्ट की भी मदद ली गई थी।
पीएम ने व्यक्त किया दुख
वहीं दिग्गज अभिनेता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पीएम ने ट्वीट कर लिखा "श्री सौमित्र चटर्जी का निधन विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके निधन से अत्यंत दुख हुआ है। परिजनों और प्रशंसकों के लिए मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!"












Click it and Unblock the Notifications