राज्यपाल को लेकर ममता बनर्जी ने स्टालिन को किया फोन, जल्द होगी विपक्ष के मुख्यमंत्रियों की बैठक
नई दिल्ली, 13 फरवरी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवीर को तमिलनाडु अपने समकक्ष एमके स्टालिन से फोन पर बात की है। इस बातचीत में ममता बनर्जी ने गैर भाजपा शासित राज्यों में राज्यपालों के चुनी हुई सरकारों को काम ना करने देने को लेकर स्टालिन से चिंता जताई है। साथ ही इसके लिए विपक्ष के सभी मुख्यमंत्रियों को एक मंच पर आकर इस पर विचार विमर्श करने को कहा है। एमके स्टालिन ने खुद इस बारे में जानकारी दी है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार शाम किए ट्वीट में लिखा है- ममता दीदी ने आज मुझे फोन किया और गैर-भाजपा शासित राज्यों में राज्यपालों के अपनी ताकत का दुरुपयोग और संवैधानिक अतिरेक पर अपनी चिंता और पीड़ा साझा की। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के सभी मुख्यमंत्रियों की एक बैठक बुलाने का मशविरा भी दिया। मैंने अपनी ओर से ममता बनर्जी को भरोसा दिलाया है कि विपक्षी मुख्यमंत्रियों की एक बैठक जल्दी ही बुलाई जाएगी। साथ ही मैंने उनको कहा है कि राज्य की स्वायत्तता बचाने के लिए हमारी पार्टी डीएमके हर मुमकिन लड़ाई लड़ेगी।
ममता बनर्जी और राज्यपाल के बीच लगातार चल रहा टकराव
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच काफी समय से टकराव देखा जा रहा है। राज्यपाल धनखड़ लगातार राज्य सरकार के कामकाज पर टिप्पणी करते रहते हैं और काफी सख्त टिप्पणियां भी करते हैं। टीएमसी का कहना है कि धनखड़ जिस तरह से काम कर रहे हैं , वो राज्यपालों के कामकाज का तरीका नहीं रहा है। टीएमसी कई बार उनको हटाने की मांग भी केंद्र से कर चुकी है। हाल ही में ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्होंने राज्यपाल के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक कर दिया है क्योंकि वह कुछ भी उल्टा सीधा पोस्ट करते हैं और सरकार पर अनर्गल आरोप लगाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications