Shine Tom Chacko: ड्रग केस में एक्टर शाइन टॉम चाको मिली जमानत, 21 अप्रैल को पुलिस ने फिर बुलाया
Shine Tom Chacko: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता शाइन टॉम चाको (Shine Tom Chacko) को शनिवार को कथित नशीली दवाओं के सेवन और आपराधिक साजिश के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। हालांकि, मेडिकल जांच और कानूनी औपचारिकताओं के बाद उन्हें उसी दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने उन्हें 21 अप्रैल को फिर से पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिए है। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने शाइन चाको से करीब चार घंटे की पूछताछ की, जो उस घटना से जुड़ी थी जब वह कोच्चि के एक होटल में ड्रग्स की छापेमारी के दौरान खिड़की से कूदकर भाग निकले थे।

पुलिस के मुताबिक, चाको पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238 (साक्ष्य मिटाने का प्रयास) और NDPS एक्ट की धारा 27 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्हें प्राथमिकी में मुख्य आरोपी बनाया गया है, जबकि मलप्पुरम निवासी अहमद मुर्शद को सह-आरोपी बताया गया है।
एफआईआर के अनुसार, कोच्चि सिटी पुलिस की DANSAF टीम ने बुधवार रात कलूर के पास स्थित एक होटल के कमरा नंबर 314 में छापा मारा, जहां शाइन और मुर्शद को ड्रग्स का सेवन करते और आपराधिक साजिश रचते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए चाको ने कथित रूप से खिड़की से छलांग लगाई और सबूत नष्ट करने की कोशिश की।
शनिवार सुबह चाको अपने वकीलों के साथ एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए पहुंचे। एसीपी सी. जयकुमार और एसीपी ए. अब्दुल सलाम की अगुवाई में पूछताछ हुई, जिसमें उनके फोन रिकॉर्ड और 32 बिंदुओं की प्रश्नावली शामिल थी। पूछताछ में चाको ने स्वीकार किया कि उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया और भागने की वजह "डर" को बताया।
उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि दरवाजा खटखटाने वाले लोग कोई नुकसान पहुंचाने वाले हैं, न कि पुलिसकर्मी। पूरे घटनाक्रम के दौरान शाइन चाको ने मीडिया से कोई संवाद नहीं किया। उन्हें शाम करीब साढ़े पांच बजे रिहा कर दिया गया। इस मामले में अहमद मुर्शद को भी गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, इससे पहले अभिनेत्री विंसी एलोशियस ने फिल्म चैंबर और AMMA (एसोसिएशन ऑफ़ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स) को शिकायत दी थी कि चाको ने फिल्म 'सूत्रवाक्यम' के सेट पर ड्रग्स के प्रभाव में अनुचित व्यवहार किया। हालांकि उस मामले में पुलिस शिकायत दर्ज नहीं हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में एर्नाकुलम की एक अदालत ने 2015 के एक पुराने ड्रग केस में चाको को बरी कर दिया था, जिसमें पुलिस की कार्रवाई में प्रक्रियात्मक त्रुटियां पाई गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications