गुजरात के अहमदाबाद स्थित अस्पताल में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद स्थित अस्पताल में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार श्रेय अस्पताल में यह आग लगी है। इस हादसे में 8 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी है। इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे की जांच गृह विभाग की अडिशनल सेक्रेटरी संगीता सिंह की अगुवाई में होगी। मुख्यमंत्री ने तीन दिन के भीतर मामले की जांच रिपोर्ट देने को कहा है।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए का मुआवजा का ऐलान किया है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
Recommended Video

यह अस्पताल अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में है, जहां देर रात 3 बजे यह आग लगी थी। घटना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां पहुंची, 10 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त 50 बेड वाले अस्पताल में 45 मरीज भर्ती थे। घटना के बाद सभी मरीजों को सरदार बल्लभभाई पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसपर दुख जाहिर किया है।अहमदाबाद सेक्टर 1 के जेसीपी राजेंद्र असरी ने बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। अस्पताल के मरीजों को दूसरी सुरक्षित जगह पर ट्रांसफर कर दिया गया है। इस मामले में विस्तृत जांच की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, अहमदाबाद अस्पातल में हुए हादसे दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो। मैंने मुख्यमंत्री विजय रूपानी और मेयर से बात की है और हालात की जानकारी ली। प्रशासन यहां हर संभव लोगों की मदद कर रहा है। हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री ने 2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जबकि घायलों को 50,000 रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। इन लोगों को नेशनल रिलीफ फंड से यह मुआवजा दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार यह हादसा शॉर्ट सर्किट लगने से हुआ है। जिन 8 लोगों की मौत हुई है, उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications