Bandra protest: प्रवासी कामगारों को उकसाने वाला शख्स गिरफ्तार, जानिए कौन है वो?
मुंबई। कोरोना के खतरे को देखते हुए जहां पूरे देश में लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया गया है, वहीं मंगलवार को मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर हजारों लोगों की भारी भीड़ ने सरेआम लॉकडाउन के सारे नियमों की धज्जियां उड़ा दीं, लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा , दरअसल लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के बाद बड़ी संख्या में कामगार मजदूर बांद्रा स्टेशन पहुंच गए और ये सभी अपने घर वापस जाना चाहते थे। यहां जमा हुए मजदूरों का कहना है कि उनके पास खाने के लिए पैसा नहीं है, रोजगार नहीं है, लिहाजा हमे हमारे घर वापस भेजने का इंतजाम किया जाए।
Recommended Video

प्रवासी कामगारों को उकसाने वाला शख्स हिरासत में
मजदूर लगातार मांग कर रहे थे कि हमे घर वापस भेजने का इंतजाम किया जाए। पुलिस की ओर से यह घोषणा भी की गई कि कोई ट्रेन नहीं चलने वाली है लेकिन बावजूद इसके जब लोग यहां से नहीं हटे तो पुलिस को लोगों को हटाने के लिए बल का प्रयोग करना पड़ा, इस बीच नवी मुंबई पुलिस ने विनय दुबे नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है, आज उसे स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा।
'चलो घर की ओर' कैंपेन चला रहा है विनय दुबे
पुलिस के मुताबिक विनय दुबे ही वो शख्स है जिसने प्रवासी मजदूरों को गुमराह करके बांद्रा रेलवे स्टेशन पर एकत्र होने के लिए उकसाया था, वो लंबे वक्त से 'चलो घर की ओर' कैंपेन चला रहा है और उसके अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट में भी इस बात का जिक्र किया थास हालांकि बाद में पोस्ट को हटा दिया था, फिलहाल पुलिस ने विनय दुबे के खिलाफ धारा-188 और महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है, वहीं इस मामले में पुलिस ने लगभग 1000 लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा-अफवाएं बर्दाश्त नहीं होंगी
इस घटना के सामने आने के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार रात उस अफवाह की जांच के आदेश दिये जिसमें कहा गया था कि प्रवासी मजदूरों को उनके राज्यों में वापस ले जाने के लिए ट्रेनें चलायी जा रही है, उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट किया है , जिसमें उन्होंने लिखा है कि मैंने उन अफवाहों की जांच के आदेश दे दिये हैं जिनमें यह दावा किया गया था कि प्रवासियों को उनके घर ले जाने के लिए ट्रेनें चलायी जाएंगी, जो लोग इस प्रकार की अफवाहें फैलाने के दोषी पाये जाएंगे उनके विरूद्ध कानून के तहत पूरी सख्ती से निबटा जाएंगा,अफवाहों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम उद्धव ठाकरे ने की अपील
बांद्रा की घटना के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि बेशक आप किसी अन्य प्रदेश से हैं, लेकिन आप हमारे मेहमान हैं। लोगों में यह अफवाह फैली कि आज से ट्रेन चल रही है। मैं आप लोगों से अपील करना चाहता हूं कि आप लोग घर पर रहें, हम हर किसी का ख्याल रखेंगे, मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन लॉकअप नहीं है, लिहाजा इससे कतई डरे नहीं।

गृह मंत्री अमित शाह ने की सीएम उद्धव ठाकरे से बात
गृह मंत्री अमित शाह ने उद्धव ठाकरे को फोन कर बांद्रा में जमा भीड़ पर चिंता व्यक्त की है। गृह मंत्री ने कहा, इस तरह की घटनाएं कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में भारत को कमजोर करती हैं। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सजग रहना जरूरी है। गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications