बड़े अफसर का बिगड़ैल बेटा...गर्लफ्रेंड को पीट-पीटकर पहुंचाया अस्पताल, लड़की ने इंस्टा पर दिखाई सच्चाई
Priya Singh News: मुंबई में ठाणे एक होटल के पास एक महिला प्रिया सिंह को उसके प्रेमी अश्वजित गायकवाड़ ने कथित तौर पर अपनी कार से कुचलने की कोशिश की, जिसके बाद उसके पूरे शरीर पर चोटें आईं। महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) के एमडी अनिल गायकवाड़ के बेटे अश्वजित गायकवाड़ पर अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया सिंह को दोस्तों के साथ मिलकर पीटने और कार से कुचलकर मारने का आरोप है।
ये घटना 11 दिसंबर की है। प्रिया सिंह एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। प्रिया सिंह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके शरीर के हर हिस्से में चोट आई है। अश्वजित गायकवाड़ ने अपनी गर्लफ्रेंड से पीछा छुड़ाने के लिए ये सब किया है। अब प्रिया सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर सारी सच्चाई बताई है और इंसाफ की गुहार लगाई है।

इंस्टाग्राम पर प्रिया सिंह ने बताई आपबीती!
प्रिया सिंह ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर घटना पोस्ट की और कहा कि वह 11 दिसंबर को सुबह 4 बजे एक पारिवारिक समारोह में अपने प्रेमी अश्वजीत से मिलने गई थी। प्रिया ने कहा कि वहां अश्वजीत "अजीब बर्ताव कर रहा था" और उससे अकेले में बात करने को कहा।
प्रिया सिंह ने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि उन्हें हाल ही में पता चला कि अश्वजीत पहले से शादीशुदा है। लेकिन फिर भी उसका रिश्ता चला। प्रिया ने दावा किया कि, उसके प्रेमी अश्वजीत ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसका गला घोंटा और अपनी एसयूवी कार से उसे कुचलकर मारने की कोशिश की। प्रिया सिंह और अश्वजीत का पिछले चार सालों से अफेयर था।
प्रिया सिंह के दो इंस्टाग्राम प्रोफाइल हैं एक @priyasingh_official, जिसपर 11 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं दूसरा @priyasinghprivate से हैंडल है, जिसपर 8 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। प्रिया ने इन दोनों अकाउंट पर तस्वीरें शेयर कर अपनी आपबीती बताई है।
पढ़िए प्रिया सिंह का पूरा बयान
प्रिया ने कहा कि, ''11 दिसंबर की देर रात मैं अपने प्रेमी अश्वजित गायकवाड़ से घोडबंदर थाना इलाके में स्थित एक होटल में मिलने गई थी। यहां मैंने अश्वजीत को उसकी पत्नी के साथ देखा। जिसपर मुझे बहुत गुस्सा आया। जिसके बाद मेरे और अश्वजीत में बहस हुई। जब मैं अश्वजित गायकवाड़ से बात कर रही थी तो उसके साथ उसके तीन दोस्त रोमिल पाटिल, प्रसाद पाटिल और सागर शेल्के मेरे साथ लड़ाई करने लगे। मैंने बचाव किया तो अश्वजीत और उसके तीन दोस्तों ने मेरे साथ मारपीट की और अपनी गाड़ी के नीचे उसे कुचलने कि कोशिश की।''
प्रिया सिंह ने कहा, "मेरे प्रेमी (अश्वजित गायकवाड़) ने मुझे थप्पड़ मारा, मेरी गर्दन दबाने की कोशिश की, मैंने उसे दूर धकेलने की कोशिश की। उसने मेरा हाथ काटा, मुझे पीटा, मेरे बाल खींचे और उसके दोस्त ने अचानक मुझे जमीन पर धकेल दिया।"
प्रिया सिंह ने आगे कहा, ''मैं जैसे ही खुद को बचाने के लिए अपना फोन और अपना बैग लेने के लिए कार की ओर भागी और तभी अश्वजीत ने अपने ड्राइवर से मुझे कुचलने के लिए कहा। फिर उसके ड्राइवर ने मुझे धक्का दिया और वहां से भाग गए। मेरा दाहिना पैर टूट गया है और मुझे सर्जरी करानी पड़ी, मेरे दाहिने पैर में रॉड डालनी पड़ी। मेरे पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं, मेरी बांहें, मेरी पीठ और मेरे पेट के हिस्से में गहरी खरोंचें हैं।"
घटना के बाद प्रिया ने ठाणे के कासारवाडवली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उच्च अधिकारियों के दबाव के कारण वहां के कर्मियों ने मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया। खैर पुलिस ने अब इस मामले को संज्ञान में लिया है और जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications