महादेव ऐप मामला: रणबीर कपूर ने ईडी से मांगा दो हफ्ते का वक्त, शुक्रवार को होनी थी पूछताछ
एक्टर रणबीर कपूर का नाम महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में सामने आया था, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनको पूछताछ के लिए बुलाया। उन्हें 6 अक्टूबर को ईडी के रायपुर स्थित कार्यालय पहुंचना था, लेकिन उन्होंने इसमें असमर्थता जताई है। साथ ही जांच एजेंसी से दो हफ्ते का वक्त मांगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर किसी काम में व्यस्त हैं। ऐसे में उन्होंने 14 दिन का वक्त मांगा। हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि ईडी ने उनकी मांग स्वीकार की है या नहीं। मीडिया वालों ने एक्टर और उनकी टीम से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

सूत्रों के मुताबिक मामले में करीब 14-15 अन्य हस्तियां और एक्टर भी ईडी की जांच के दायरे में हैं। उन्हें भी जल्द तलब किया जा सकता है।
ऐसे समझें पूरा मामला
सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल 'महादेव ऐप' नाम की कंपनी चलाते थे। ये दोनों वैसे तो छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले हैं, लेकिन ये ऐप पूरी तरह से दुबई से संचालित होता था। ये क्रिकेट, टेनिस, बैडमिंटन, पोकर और कार्ड गेम सहित विभिन्न लाइव गेम्स में कथित अवैध सट्टेबाजी के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।
पिछले चार सालों से ये ऐप चल रही थी। साथ ही उसने लोगों को सट्टेबाजी के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म मुहैया करवा दिया। कंपनी नए यूजर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए 'ऑनलाइन बुक बेटिंग एप्लिकेशन' का इस्तेमाल करती थी। इसके अलावा बेनामी खातों के नेटवर्क के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की जाती थी। इन सब के जरिए कंपनी के मालिकों ने 5000 करोड़ से ज्यादा का घोटाला किया।
ऐसे आए रडार पर
इस साल फरवरी में सौरभ चंद्राकर की शादी संयुक्त अरब अमीरात में हुई। इस शादी में बड़ी-बड़ी हस्तियां पहुंचीं। हाल ये था कि रिश्तेदारों को यूएई ले जाने के लिए भारत से प्राइवेट जेट गए। आरोपों के मुताबिक शादी में 200 करोड़ रुपये कैश खर्च किए गए। जिससे दोनों ईडी के रडार पर आए और जांच शुरू हो गई।
रणबीर पर क्या आरोप?
रणबीर पर महादेव ऐप को ऑनलाइन प्रमोट करने के लिए प्रमोटर्स से पैसे लेने का आरोप है। इसी वजह से जांच एजेंसी उनसे पूछताछ करना चाहती है। शादी और ऐप के चक्कर में फंसने वाले अन्य हस्तियों से भी पूछताछ होगी।












Click it and Unblock the Notifications