Kumbh Mela 2025: कुंभ के मेले में खो गई युवती, मोबाइल भी नहीं था, फिर पुलिस ने ऐसे ढूंढ निकाला
Kumbh Mela 2025: दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समागम महाकुंभ 2025 प्रयागराज की पावन धरा पर आरंभ हो चुका है। लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए संगम तट पर पहुंच रहे हैं। आज पौष पूर्णिमा के अवसर पर महाकुंभ का पहला स्नान हुआ, जिसमें अनुमानित 60 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के पवित्र संगम में डुबकी लगाई। महाकुंभ में हर कोई आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। कुंभ मेला SSP राजेश द्विवेदी ने कहा कि यूपी पुलिस व कुंभ मेला प्रशासन आस्था के इस जनसैलाब की सुरक्षा में तैनात है। सभी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस बल पूरी तत्परता से तैनात है। इसी बीच कुंभ में एक युवती अपनों से बिछड़ गई। उसके पास फोन भी नहीं था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती की मदद की और उसे अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचाया।

कुंभ में भटकी युवती, पुलिस ने की मदद
महाकुंभ के बीच अपनों से बिछड़ने का भी मामला सामने आया है। महाकुंभ SSP राजेश द्विवेदी ने बताया कि संगम घाट पर सूचना मिली कि एक युवती भटक गई। उसके पास फोन नहीं होने से वह अपनों से संपर्क नहीं कर पा रही थी। युवती प्रयागराज में एक छात्रावास में रहती है। वह रातभर भीगने के कारण ठंड से परेशान रही। सूचना मिलते ही पुलिस युवती के पास मदद को पहुंची और उसे अपने गंतव्य स्थान तक सुरक्षित पहुंचाया।
SSP की दो टूक
कुंभ मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SSP द्विवेदी ने यह भी बताया कि हमने किसी भी तरह के उपद्रवियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। हम किसी भी अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, डीआईजी वैभव कृष्णा ने भी कहा कि पौष पूर्णिमा के दिन करीब 50 लाख श्रद्धालु पहले ही पवित्र डुबकी लगा चुके हैं और हम सभी व्यवस्थाओं का पूर्ण ध्यान रख रहे हैं।
60 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
महाकुंभ 2025 का पहला दिन पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से गुजर रहा है। आयोजकों ने साफ किया है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी चूक नहीं होने दी जाएगी। श्रद्धालुओं के लिये हर संभव सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। महाकुंभ 2025 का आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह लाखों लोगों को एक साथ लाकर भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधताओं को भी प्रदर्शित करता है। आगामी दिनों में और भी अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, और प्रशासन पूरी तरह से तैयार है कि वे हर एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखें।












Click it and Unblock the Notifications