मध्यप्रदेश: जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही, प्रसव पीड़ा के दौरान महिला को पैदल चलाया, फर्श पर गिरने से नवजात की मौत
अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही और अमानवीय रवैए से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में बैतूल के जिला अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। दर्द से कराह रही गर्भवती महिला को स्ट्रेचर के बजाए स्वास्थ्य कर्मी पैदल ही वार्ड ले जाने लगे, जिस वजह से प्रसव हो गया और फर्श पर गिरने से नवजात की मौत हो गई। गर्भवती महिला के परिजनो ने वहां मौजूद स्वास्थ्यर्किमयों से महिला के चलने में असमर्थता बताते हुए स्ट्रेचर या व्हील चेयर की मांग की थी। लेकिन इसके बावजूद भी उसे यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। परिणाम यह हुआ की नवजात की मौत हो गई।

प्रसव पीड़ा होने के बावजूद महिला को स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं करवाना गंभीर लापरवाही
बैतूल जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एके बारंगा ने बताया कि घोड़ाडोंगरी निवासी नीलू वर्मा (25) अस्पताल में प्रसव कराने आई थी। प्रसव कक्ष तक पैदल चलते समय प्रसव होने और नवजात के फर्श पर गिरने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़ा होने के बावजूद महिला को स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं करवाना और पैदल चलने के लिए विवश करना गंभीर लापरवाही है। पूरे मामले की जांच की जाएगी और जिस भी कर्मचारी की लापरवाही होगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

'स्ट्रेचर की मांग की गई लेकिन उन्होंने नहीं दिया'
नीलू के पति विकास वर्मा ने कहा कि गेट पर पहुंचे तो स्वास्थ्य कर्मी से कहा कि गर्भवती नीचे उतरने की स्थिति में नहीं है, इसलिए स्ट्रेचर की मांग की गई लेकिन उन्होंने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि शिशु के जन्म में अभी एक घंटा है इसलिए पैदल चलें। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर गर्भवती को एम्बुलेंस से ही स्ट्रेचर या व्हील चेयर पर ले जाते तो बच्चा नीचे नहीं गिरता और उसकी मौत नहीं होती।

अमानवीय रवैए से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई
अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही और अमानवीय रवैए से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। वहीं नर्सिंग असिस्टेंट सरिता ने बताया कि उन्होंने स्टाफ को जानकारी भी दी की वह डिलिवरी पेशेंट को लेकर आई हैं। उन्होंने बताया की गर्भवती की स्थिति खराब है। इसके बाद एक महिला स्टाफ आई और उन्होंने शिशु के जन्म में समय होने की बात कही और गर्भवती से उठकर चलने के लिए कहा। पैदल चलने पर शिशु बाहर आ गया।












Click it and Unblock the Notifications