MP News: बंडा-शाहगढ़ में शराब से मौतों पर CM मोहन यादव सख्त, बोले- किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
सागर जिले के बांदा ब्लॉक में जहरीली शराब से संबंधित मौतों के बाद, अधिकारियों ने सात शराब की दुकानों को सील कर दिया है, सैंपल लिए हैं और सख्त कानूनी कार्रवाई की है। उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी प्रतिक्रिया की निगरानी कर रहे हैं, जिसमें प्रभावित व्यक्तियों के इलाज और सार्वजनिक स्वास्थ्य मार्गदर्शन के लिए चिकित्सा सुविधाओं को जुटाया गया है।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों की घटना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्रों में जांच, राहत एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सागर जिले के बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध शराब के सेवन से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रथम दृष्टया एहतियाती कदम के तौर पर क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील किया गया है। प्रशासन ने शराब के सैंपल लेने के भी निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ली घटना की जानकारी
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
शराब पीने वालों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं। प्रशासन ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।


Click it and Unblock the Notifications
