मध्य प्रदेश के 6 मंत्रियों को राज्यपाल ने कैबिनेट से किया निष्कासित
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में चल रहे सियासी संग्राम के बीच राज्यपाल लालजी टंडन ने 6 बागी मंत्रियों को निष्कासित कर दिया है। इन सभी छह मंत्रियों को हटाने के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल से सिफारिश की थी। कमलनाथ ने 6 मंत्रियों इमरती देवी, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर, डॉक्टर प्रभुराम चौधरी को कैबिनेट से हटाने के लिए सिफारिश की थी, जिसके बाद राज्यपाल ने इन सभी मंत्रियों को मुख्यमंत्री की सिफारिश पर कैबिनेट से निष्कासित कर दिया है।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने उन सभी 22 विधायकों को मिलने के लिए बुलाया है जिन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा है। प्रजापति ने इन विधायकों के इस्तीफे को स्वीकार करने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी बागी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी वीडियोग्राफी के बाद ही इस्तीफों पर निर्णय लेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन से भी मुलाकात की और प्रदेश के सियासी हालात पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल से फ्लोर टेस्ट कराने के लिए तारीख की मांग की थी।
रिपोर्ट के अनुसार सीएम कमलनाथ ने राज्यपाल लालजी टंडन से बीजेपी की शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके 22 विधायकों का अपहरण किया है, कमलनाथ के मुताबिक कांग्रेस के विधायकों पर हॉर्स ट्रेडिंग किया जा रहा है। सीएम कमलनाथ ने राज्यपाल से इस मामले में कार्रवाई करने की भी मांग की है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद सीएम कमलनाथ ने कहा, मैं आने वाले 10 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहुंगा, बीजेपी षड्यंत्र कर रही है तो उसे करने दो। उन्होंने कहा कि मैंने आज राज्यपाल से मिलकर बताया कि हमारे 22 विधायकों को कैद किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications