भोपाल में दिखेगी उन्नत कृषि की झांकी, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उत्सव में एक बड़ी कृषि-केंद्रित प्रदर्शनी होगी जिसमें लगभग 200 स्टॉल खेती के नवाचारों, आधुनिक उपकरणों और कृषि-उद्यमों को प्रदर्शित करेंगे, साथ ही सेमिनार, पुरस्कार और क्षेत्रीय खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन भी होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और जिलों में सतत खेती को बढ़ावा देना है।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मुख्य समारोह का प्रमुख आकर्षण इस बार कृषि पर केंद्रित प्रदर्शनी होगी। इसमें कृषि नवाचारों के साथ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण उपलब्धियों की झलक भी देखने को मिलेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

Agriculture Exhibition at MP Foundation Day

कृषि और संबद्ध विभागों के स्टॉल्स पर प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत के साथ किसानों की विकास यात्रा में शासन का सहयोग प्रदर्शित किया जाएगा। लगभग 200 स्टॉल्स में उन्नत बीज, जैविक एवं प्राकृतिक खेती की प्रणालियां, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीकें और एग्री स्टार्टअप्स के नवाचार प्रदर्शित होंगे। लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में उन्नत कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति और समन्वित फसल प्रणाली का सजीव प्रदर्शन भी किया जाएगा।

*2 और 3 नवंबर को संगोष्ठी*

2 और 3 नवंबर को कृषक भ्रमण सह प्रशिक्षण एवं संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के मास्टर ट्रेनर और वैज्ञानिक किसानों को प्रशिक्षण देंगे। पशुपालन विभाग उन्नत किस्म के पशुओं का प्रदर्शन करेगा। उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर फल, फूल और सब्जियों की विभिन्न किस्मों के साथ जीआई टैग वाले उत्पाद दिखाए जाएंगे। किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कृषि संगोष्ठी में इन विषयों पर चर्चा होगी:

- मध्यप्रदेश में कृषि विकास
- आधुनिक कृषि यंत्रीकरण एवं नरवाई प्रबंधन
- उद्यानिकी विकास एवं खाद्य प्रसंस्करण
- कृषि में सहकारिता एवं बैंकों की भूमिका
- मध्यप्रदेश में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन
- मत्स्यपालन के माध्यम से कृषकों की आय में वृद्धि

*'समृद्ध खेती-समृद्ध किसान' थीम पर केंद्रित आयोजन*

किसान वर्ष 2026 के उत्कर्ष चरण में यह आयोजन 'समृद्ध खेती-समृद्ध किसान' थीम पर आधारित है। इस वर्ष किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने प्रदेश के सभी अंचलों में विविध कार्यक्रम आयोजित कर किसानों से सीधा संपर्क स्थापित किया, ताकि तकनीकी प्रसार हो सके और किसान हितग्राही योजनाओं से जुड़ सकें। बलराम कृषि महोत्सव के तहत गांव स्तर तक किसान रथ यात्राएं निकाली गईं, जबकि जिलों में कृषि मेलों और संगोष्ठियों के माध्यम से किसानों से व्यापक संवाद किया गया।

*क्विज के 165 विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार*

इसी क्रम में वीर भारत न्यास के सहयोग से प्रदेश स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित की गई। इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। मेरिट सूची के आधार पर लॉटरी के जरिए प्रदेश के 55 जिलों से 165 विजेताओं का चयन किया गया।

प्रत्येक जिले के तीन विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे:

- *प्रथम पुरस्कार:* कुल 55 ट्रैक्टर
- *द्वितीय पुरस्कार:* कुल 55 बुलेट मोटरसाइकिल
- *तृतीय पुरस्कार:* कुल 55 ई-स्कूटर

भोपाल में विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मानित करेंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, कृषि संबंधी जानकारी साझा करना और किसान कल्याण, स्वाभिमान एवं समृद्धि को जनभागीदारी से जोड़ना है।

*'स्वाद देशज व्यंजन मेला' में दिखेगी अंचलों की झलक*

प्रदर्शनी स्थल पर 'स्वाद देशज व्यंजन मेला' भी लगेगा, जहां मध्यप्रदेश के विभिन्न अंचलों के स्वाद और स्थानीय खानपान की झलक मिलेगी। स्वदेशी और प्राकृतिक गुणों से भरपूर व्यंजनों के साथ आगंतुक श्रीअन्न से बनी रसोई का आनंद भी ले सकेंगे। इस आयोजन से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, कृषि समृद्धि, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ आम लोगों को मध्यप्रदेश की विविधता और विकास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+