मध्य प्रदेश: स्पीकर के एक ट्वीट पर मचा सियासी बवाल, अकाउंट हैक होने की शिकायत दर्ज
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के अधिकारियों ने स्पीकर एनपी प्रजापति के ट्विटर अकाउंट को कथित तौर पर हैक किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्पीकर का ट्विटर अकाउंट हैक किया गया था। इसमें कहा गया है कि बजट सत्र को 26 मार्च तक स्थगित किए जाने की भ्रामक जानकारी पोस्ट करने के लिए स्पीकर के ट्विटर अकाउंट को हैक किया गया था।

इसके पहले, विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति के ट्विटर हैंडल से शुक्रवार को एक ट्वीट किया गया था, जिसमें कहा गया था कि कोरोना वायरस के कारण मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र 26 मार्च तक स्थगित किया जा रहा है। इस ट्वीट के बाद सूबे की सियासत गरमा गई थी। वहीं, बाद में ये ट्वीट स्पीकर के ट्विटर हैंडल से डिलीट कर दिया गया था।
स्पीकर के अकाउंट से किया गया पोस्ट शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद बजट सत्र को स्थगित करने के पीछे राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठने लगे थे। 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद विपक्षी दल भाजपा दावा कर रही है कि कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ चुकी है। वहीं, कांग्रेस सरकार ने भारतीय जनता पार्टी पर बेंगलुरु में 22 विधायकों को बंधक बनाने का आरोप लगाया है।
विधानसभा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी एपी सिंह ने कहा, 'साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। स्पीकर लंबे समय से अपने ट्विटर अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। इस तरह की भ्रामक जानकारी पोस्ट करके भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए कुछ असामाजिक तत्वों ने ये शरारत की है।' बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफा देने के बाद 22 विधायकों ने भी अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications