राहुल संसद में नहीं बैठे तय सीट पर, नदारद रहीं सोनिया गांधी
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र को अटेंड करने में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया व उपाध्यक्ष राहुल गांधी की खास दिलचस्पी नजर नहीं आई। जहां संसद से सोनिया गांधी नदारद थी। वहीं, राहुल गांधी अपनी तय सीट से हटकर दूसरी पंक्ति में बैठे नजर आए। हालांकि पूर्व पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा के निधन के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार तक टाल दी गई। मगर सत्र के पहले दिन कांग्रेस की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का रवैया अन्य लोगों की समझ से परे था।

शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले ही लोकसभा अध्यक्ष ने सिटिंग प्लान जारी किया था। प्लान के मुताबिक, राहुल गांधी को लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की सीट के पीछे वाली लाइन में बैठना था। राहुल गांधी ने संसद की कार्यवाही में थोड़ी देर के लिए ही हिस्सा लिया। खड़गे को बैठने के लिए नेता, विपक्ष की सीट दी गई है, लेकिन उनके पास औपचारिक तौर पर यह पद नहीं है।
पूर्व पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा के निधन के चलते संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही मंगलवार तक के लिए टाल दी गई। सूत्रों के अनुसार श्रद्धांजलि देने के लिए मुंबई जाने की तैयारी के चलते सोनिया गांधी सदन नहीं आईं।












Click it and Unblock the Notifications