असम के नए विधानसभा भवन का ओम बिरला ने किया उद्घाटन, कहा- यह सिर्फ भवन नहीं, लोकतंत्र का मंदिर है
Om Birla News: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार, 30 जुलाई को असम की राजधानी गुवाहाटी में बन नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान ओम बिरला के अलावा असम विधानसभा अध्यक्ष विस्वजीत दायमरी, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
असम के नए विधानसभा भवन के उद्घाटन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि किसी भी राज्य विधानसभा का भवन सिर्फ एक भवन नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र का मंदिर है। इस मंदिर में बैठकर हम केवल जन कल्याण के लिए काम करते हैं। इसीलिए लोकतंत्र की 75 वर्षों की यात्रा में हमने सामाजिक-आर्थिक विकास के माध्यम से देश को आगे बढ़ाया है।

इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि असम सरकार के कार्यों की वजह से असम की जनता को न्याय मिला। उनके जीवन के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के लिए ये लोकतंत्र का मंदिर साक्षी रहा है। बता दें कि नए लोकसभा भवन के उद्घाटन से पहले सीएम हिमंत बिस्वा ने ट्वीट कर खुशी व्यक्त की थी।
समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'कल असम के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। माननीय लोकसभा अध्यक्ष हमारा पहला स्थायी विधान सभा परिसर लोगों को समर्पित करेंगे।'
असम विधानसभा के सदस्य पीयूष हजारिका ने ट्वीट किया, 'लोकसभा के माननीय अध्यक्ष ओम बिरला कल यानी 30 जुलाई को नवनिर्मित असम विधान सभा भवन का उद्घाटन करेंगे। शुभ समारोह की पूर्व संध्या पर मैंने आज नवनिर्मित असेंबली हॉल का दौरा किया और कल के कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति का आकलन किया।'
खबर के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि नया विधानसभा परिसर दस एकड़ जमीन में फैला हुआ है, जिसमें मुख्य इमारत और प्रशासनिक कामकाज के लिए अन्य इमारतें शामिल हैं। इस नए विधानसभा भवन की करीब नींव 10 साल पहले रखी गई थी और तब इसके निर्माण पर 234.84 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान था।
लेकिन, निर्माण कार्य में देरी और परिसर में अन्य निर्माण के कारण अब 351 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार, नए भवन में 180 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है। मौजूदा विधानसभा भवन में 126 विधायक बैठ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications