एक महीने पहले ट्वीट किया, 'भाजपा में जाने पर माफ हो जाते हैं अपराध' अब भाजपा में चले गए
नई दिल्ली। गुरुवार को कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले केरल के नेता टॉम वडक्कन का एक ट्वीट वायरल हो रहा है। फरवरी में किए इस ट्वीट में वो कह रहे हैं कि एक बार जो शख्स भाजपा की सदस्यता ले लेता है, उसके सब अपराध माफ हो जाते हैं। गुरुवार को टॉम के भाजपा में जाने के बाद उनका ये ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सीबीआई और ममता के टकराव पर था ट्वीट
सीबीआई और ममता बनर्जी सरकार के बीच फरवरी के शुरुआती दिनों में टकराव को लेकर एक ट्वीट में कहा गया था कि शारदा चिटफंड घोटाले में शामिल रहे तृणमूल कांग्रेस के मुकुल रॉय अब भाजपा में हैं, मगर कोई उनसे सवाल नहीं कर रहा है। इस ट्वीट को रिट्वीट के करते हुए टॉम वडक्कन ने ट्वीट करते हुए कहा-एक बार जब आप भाजपा में शामिल हो जाएं तो आपके सारे अपराध माफ हो जाते हैं। इस ट्वीट के करीब एक एक महीने बाद वह खुद बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर हो रहे ट्रोल
टॉम वडक्कन नाम के जिस ट्विटर हैंडल से ये ट्वीट किया गया वो वेरीफाइड नहीं है। मगर इसे टॉम वडक्कन का बताया जाता है। अब सोशल मीडिया पर लोग उनके इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर कर पूछ रहे हैं कि उनके सब पाप धुल गए या बाकी हैं? वहीं कुछ यूजर्स ने तो उनसे ये सवाल कर दिये कि आपने पाप किए ही क्यों थे।

त्रिशूर से लड़ सकते हैं चुनाव
टॉम वडक्कन काफी समय से कांग्रेस में थे। टॉम ईसाई हैं और केरल के त्रिशूर से आते हैं। त्रिशूर सीट पर 40 फीसदी ईसाई है। बताया जा रहा है कि टॉम कांग्रेस से त्रिशूर सीट के लिए टिकट चाहते थे। कांग्रेस से कोई आश्वासन न मिलने पर टॉम बीजेपी में चले गए। भाजपा उन्हें त्रिशूर से चुनाव लड़ा सकती है। इस वक्त त्रिशूर लोकसभा सीट लेफ्ट के पास है।
कभी सोनिया गांधी के करीबी माने जाने वाले टॉम वडक्कन ने कांग्रेस छोड़ने को लेकर कहा है कहा कि पुलवामा हमले के बाद सेना को लेकर कांग्रेस के स्टैंड से वे काफी दुखी थे और भारी मन से पार्टी छोड़ने का फैसला लिया। देशप्रेम से समझौता नहीं किया जा सकता है। मैंने अपने जीवन के 20 साल कांग्रेस को दिए लेकिन अब पार्टी में वंशवाद हावी होता जा रहा है, जिसमें रहना मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications