लोकसभा चुनाव 2019 : कांग्रेस के 'कमजोर' कैंडिडेट उतारने वाले बयान पर प्रियंका ने कही बड़ी बात
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) के प्रचार के दौरान पूर्वी यूपी की कमान संभाल रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) रायबेरली के दौरे पर हैं। रायबरेली में उन्होंने कई गांवों का दौरा किया और लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 'वोट काटने वाले उम्मीदवार' बयान पर सफाई दी। इसके अलावा उन्होंने कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरा और कहा कि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ रही है और वह लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।

रा ध्यान 2019 और 2022 पर - प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा ध्यान 2019 और 2022 (यूपी विधानसभा चुनाव) दोनों पर है। 2019 के लिए, फोकस भाजपा को हराने पर है। प्रियंका गांधी ने कहा कि 2022 यूपी चुनाव तक मैं कांग्रेस को मजबूत करना चाहती हूं ताकि हम अच्छी मजबूती से लड़ सकें। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की विचारधारा अलग-अलग है। हम हमेशा उनसे लड़ेंगे, वे राजनीति में हमारे मुख्य विरोधी हैं। हमने सुनिश्चित किया है कि किसी भी तरह से बीजेपी को फायदा न हो। हम मजबूती से लड़ रहे हैं और हमारे उम्मीदवार भी मजबूत हैं। इसके पहले अखिलेश यादव और मायावती ने कांग्रेस-बीजेपी को एक जैसी ही पार्टी बताते हुए हमला बोला था।
'वोट काटने वाले' पर क्या बोलीं प्रियंका
'वोट काटने वाले' बयान पर प्रियंका गांधी ने कहा, 'मैंने यह नहीं कहा कि हमने कमजोर उम्मीदवार उतारे हैं, मैंने कहा कि कांग्रेस स्पष्ट रूप से इस चुनाव में अपने दम पर लड़ रही है और हमारे उम्मीदवार अधिकांश सीटों पर मजबूती से लड़ रहे हैं। मैं बीजेपी को फायदा पहुंचाने के बजाय मर जाना पसंद करूंगी। हमनें ऐसे उम्मीदवार दिए हैं जो या तो मजबूती से लड़ रहे हैं या बीजेपी के वोट काट रहे हैं। दरअसल, प्रियंका गांधी अपने उस बयान के बाद घिर गई थीं जिसमें उन्होंने कहा था, 'यूपी में उन सीटों पर, जहां कांग्रेस मजबूत है और हमारे उम्मीदवार भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं, कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। जहां हमारे उम्मीदवार थोड़े हल्के हैं, वहां हमने ऐसे उम्मीदवार दिए हैं, जो भाजपा का वोट काटें।'
'बच्चों से नारे लगवाने वाले वीडियो' पर क्या बोलीं
रायबरेली के दौरे पर गई प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी कहानी गढ़ना चाहती है जिसका जनता से कोई सरोकार न हो। वे जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाना चाहते हैं। बच्चों से कथित तौर पर पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी कराने वाले वीडियो पर भी प्रियंका गांधी ने बात की। उन्होंने कहा, 'मैंने बच्चों को नारे लगाने से रोका, मुझे लगता है कि पीएम के बारे में वह सही नहीं था। लेकिन बीजेपी ने उस वीडियो को एडिट किया और उस हिस्से को हटा दिया जहां मैंने उन्हें रोका था और फिर वे मुझपर आरोप लगा रहे हैं। वे जो करते हैं वह सच को तोड़ने-मरोड़ने का काम करते हैं और मैं सच बोलती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications