Video: अब सिद्धू ने पीएम मोदी को लेकर दिया आपत्तिजनक बयान
नवजोत सिंह सिद्ध ने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। देखिए Video...
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे घमासान के बीच सियासी दलों के नेता लगातार अपने जुबानी तीरों से अपने विरोधियों पर हमले बोल रहे हैं। हाल ही में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा नेता आजम खान और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर चुनाव आयोग ने उनके विवादित बयानों को लेकर कार्रवाई भी की है। सियासी महाभारत की इस जुबानी जंग में अब कांग्रेस नेता और पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी कूद गए हैं। सिद्धू ने बिहार के कटिहार में आयोजित एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए विवादित बयान दे दिया। सिद्धू ने अपने इस बयान का वीडियो खुद के ट्विटर हैंडल पर शेयर भी किया है।

'जाओगे 2019 में राफेल के दलाल बनके'
अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर चर्चाओं में हैं। गुरुवार को बिहार के कटिहार में आयोजित चुनावी रैली में सिद्धू ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए विवादित बयान दे दिया। सिद्धू ने अपने बयान का वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'आए थे 2014 में मां गंगा के लाल बनके, जाओगे 2019 में राफेल के दलाल बनके। मोदी जी कहते हैं कि अगर पेन भी लो तो पक्का बिल लो मगर राफेल का बिल पूछो तो बिल-बिला जाते हैं। जिन दरवाजों के बाहर चौकीदार खड़े होते हैं वह अक्सर गरीबों के लिए बंद पाए जाते हैं।'
'पेट खाली है, योगा कराया जा रहा है'
आपको बता दें कि इससे पहले भी नवजोत सिंह सिद्धू अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। सिद्धू ने हाल ही में गुजरात में अहमदाबाद के धोलका में आयोजित एक चुनावी जनसभा में कहा, 'मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि पीएम चौकीदार नहीं चोर है। पेट खाली है, योगा कराया जा रहा है और जेब खाली है खाता खुलाया जा रहा है। बाबा रामदेव ही बना दो सबको।' इस चुनावी जनसभा में भाषण देते हुए सिद्धू ने योग करने की एक्टिंग करते हुए पीएम मोदी पर तंज भी कसा।

'बीजेपी को दो आदमी चलाते हैं'
नवजोत सिंह सिद्धू ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, 'नरेंद्र मोदी 2014 में देश को विश्वगुरु बनाने के नाम पर सत्ता में आए थे, लेकिन आज सबको चौकीदार बना दिया। यह लोकतंत्र नहीं है, यहां डंडातंत्र चल रहा है। जो अपने गुरु आडवाणी का नहीं हो सका वह देश का क्या होगा? सभी सीनियर नेताओं को एक लाइन में लगा दिया है। आपने बीजेपी को एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया है। बीजेपी को दो आदमी चलाते हैं। दोनों राहु-केतु हैं। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब सिद्धू तुम्हारे लिए कैंपेन करता था तो राष्ट्रभक्त था, अब उसने सवाल पूछने शुरू कर दिए तो वह देशद्रोही हो गया, क्योंकि सिद्धू सत्ता पक्ष से सवाल करता है।
ये भी पढ़ें- क्या कहते हैं आजमगढ़ के आंकड़े, क्या फिर चलेगी साइकिल?












Click it and Unblock the Notifications