कौन होगा अगला पीएम? आजमगढ़ में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने दिया बड़ा बयान
पीएम पद को लेकर अखिलेश यादव और मायावती के बयानों के बाद अब सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने बड़ी बात कही है।
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर चल रही सियासी सरगर्मियों के बीच देश के अगले प्रधानमंत्री को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। भाजपा नेताओं की ओर से लगातार ये सवाल उठाया जा रहा है कि एनडीए की तरफ से पीएम पद के लिए नरेंद्र मोदी के सामने विपक्ष का चेहरा कौन है? इस सवाल को लेकर सबसे ज्यादा यूपी की सियासत गर्माई हुई है। यूपी में बने सपा-बसपा और आरएलडी महागठबंधन की ओर से बसपा सुप्रीमो मायावती पीएम पद को लेकर अपनी दावेदारी के संकेत दे चुकी हैं। इस बीच सपा सांसद और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने आजमगढ़ में इस मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है।

धर्मेंद्र यादव ने क्या कहा?
यूपी की बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार के लिए आजमगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे देश के अगले पीएम को लेकर सवाल पूछा तो धर्मेंद्र यादव ने कहा, 'यूपी की जनता पूरी तरह से सपा-बसपा और आरएलडी महागठबंधन के साथ है और इसे भरपूर समर्थन दे रही है। ऐसी स्थिति में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और हमारी गठबंधन की नेता मायावती जिसे चाहेंगे, वही देश का अगला प्रधानमंत्री बनेगा। भाजपा से यूपी की जनता त्रस्त है और वो प्रदेश में इस बार दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे को उठा रही है, लेकिन देश की जनता जानती है कि जो कुछ किया है, वो हमारे बहादुर सैनिकों ने किया है, उसमें पीएम मोदी का कोई योगदान नहीं है। अगर देश में सपा-बसपा की मौजूदगी वाली सरकार बनी तो जाति आधारित जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे और जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

आजमगढ़ में 12 मई को मतदान
गौरतलब है कि यूपी की आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश यादव के सामने भाजपा ने भोजपुरी कलाकार निरहुआ को टिकट दिया है। आजमगढ़ से वर्तमान में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सांसद हैं। आजमगढ सीट पर छठें चरण में 12 मई को मतदान होना है। धर्मेंद्र यादव अखिलेश के चुनाव प्रचार के लिए आजमगढ़ आए हुए थे। धर्मेंद्र यादव खुद यूपी की बदायूं लोकसभा सीट से सपा के उम्मीदवार हैं। बदायूं सीट पर तीसरे चरण के तहत चुनाव हो चुका है।

पीएम पद को लेकर अखिलेश क्या बोले
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री पद को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव भी बयान दे चुके हैं। मंगलवार को एक समाचार चैनल के साथ बातचीत में अखिलेश यादव से जब पूछा गया कि क्या वो प्रधानमंत्री पद के लिए मायावती का समर्थन करेंगे तो उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि देश का अगला प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से ही बने। बाकी मैं किसे समर्थन दूंगा, ये बात सब जानते हैं। आने वाली 23 मई को इसका फैसला हो जाएगा, लेकिन सपा-बसपा का गठबंधन इसके बाद भी जारी रहेगा। इस बार बनारस वाले पीएम नहीं बनने चाहिएं, क्योंकि उन्होंने देश का काफी नुकसान कर दिया।' वहीं, हाल ही में यूपी के अंबेडकरनगर में आयोजित चुनावी रैली में बसपा सुप्रीमो मायावती ने मंच से खुद की दावेदारी के संकेत देते हुए कहा कि अगर चुनाव बाद समय आया तो मैं खुद यहां आकर चुनाव लड़ूंगी।
ये भी पढ़ें- यूपी की आजमगढ़ लोकसभा सीट पर क्या कहते हैं जीत-हार के आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications