कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान बवाल, आगजनी
Recommended Video
कोलकाता। मंगलवार शाम को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकात में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान बवाल हो गया। शाह यहां भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए पहुचें हैं। हंगामा, आगजनी और पुलिस लाठीचार्ज के बाद शाह को रोड शो रोकना पड़ा है। बताया गया है कि हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब कथित तौर पर शाह के वाहन पर डंडे फेंके गए। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई जगहों पर अराजक तत्वों ने आगजनी और तोड़फोड़ भी की है। हंगामे के दौरान ईश्वरचंद विद्यासागर की प्रतिमा को भी तोड़ दिया गया। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें पत्थरबाजी, हंगामा और आगजनी देखी जा सकती है।
भाजपा नताओं ने हंगामे के लिए टीएमसी को ठहराया जिम्मेदार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने इसे बंगाल में लोकतंत्र की हत्या करार दिया। भाजपा का आरोप है कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भाजपा के खिलाफ किया जा रहा है। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि रोड शो के दौरान उनकी पार्टी अध्यक्ष के होर्डिंग्स टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उतारे और पुलिस ने भी इनकी मदद की। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुंडों और पुलिस ने पोस्टर और झंडे निकाल दिए। जैसे ही हम लोग पहुंचे वे यहां से भाग गए।
अमित शाह का ममता बनर्जी पर निशाना
अमित शाह का रोड शो शाम करीब 4:30 बजे मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके से शुरू हुआ और उत्तरी कोलकाता में स्वामी विवेकानंद भवन पर जाकर खत्म हुआ। अमित शाह ने उत्तरी कोलकाता से भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा और दक्षिणी कोलकाता से पार्टी उम्मीदवार चंद्र कुमार बोस के लिए रोड शो किया।
रोड शो के दौरान अमित शाह ने कहा कि टीएमसी और ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की संस्कृति को रौंदने और लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है। बंगाल के लोग ममता दीदी को उखाड़ फेंकने में जुटे हैं। बड़ी उम्मीद से लोगों ने ममता दीदी को सत्ता सौंपी थी लेकिन वे उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं।
पश्चिम बंगाल में लगातार हिंसा
सातवें चरण में पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर मतदान होना है। 19 मई को होने वाले इस चरण से पहले यहां सभी पार्टियां अपने प्रचार में लगी हैं। यहां हिंसा भी लगातार हो रही है। अब तक हुए छह चरणों में भी हिंसा की खबरें आईं। टीएमसी और भाजपा के लोगों के बीच हिंसा की खबरें लगातार आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications