मंच पर भाषण देते रह गए बीजेपी सांसद, उनको लिए बगैर उड़ गया हेलीकॉप्टर
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 ( Lok Sabha Elections 2019) के चौथे चरण में सोमवार को वोटिंग हो रही है। चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत से जुटे हैं। वहीं, चुनाव के दौरान कुछ दिलचस्प नजारे भी देखने को मिल रहे हैं जिसकी चर्चा हो रही है। इसी क्रम में एक और दिलचस्प वाकया उस वक्त सामने आया जब एटा से बीजेपी के सांसद राजवीर सिंह कौशांबी में पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

राजवीर सिंंह मंच पर देते रहे भाषण, उड़ गया हेलीकॉप्टर
बीजेपी नेता और एटा से सांसद राजवीर सिंह कौशांबी में पार्टी के उम्मीदवार विनोद सोनकर के समर्थन में रैली करने पहुंचे थे। मंच पर सांसद भाषण दे रहे थे तभी उनको हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने की सूचना दी गई। लेकिन बीजेपी सांसद जनसभा को संबोधित करते रहे और उधर हेलीकॉप्टर उनको लिए बगैर ही उड़ गया। इससे नाराज राजवीर सिंह बाद में कार में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना हुए।

एटा से सांसद हैं राजवीर सिंह
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि बीजेपी सांसद कुछ देर रुकने को बोल रहे थे। एटा से सांसद राजवीर सिंह राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के बेटे हैं। राजवीर सिंह उस वक्त विवादों में आ गए थे जब उन्होंने कहा था, 'कांग्रेस बोल रही है कि बीजेपी के लोग शौचालय की बात कर रहे हैं, बड़ा छोटा दिमाग है। राहुल जी, अगर आपकी दादी और आपकी अम्मा खेत में लोटा लेके गयी होती तो मालूम पड़ता।'

राजवीर सिंह के बयान पर मचा था बवाल
राजवीर सिंह के बयान पर कांग्रेस की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया आई थी। रेणुका चौधरी ने राजवीर सिंह के बयान पर पलटवार किया और कहा कि क्या भाजपा का यही स्टैंडर्ड है? जब प्रधानमंत्री संसद मे महिलाओं की बात करते हैं और उन्हें सुपर्णखा बताते हैं। यह उनका मापदंड है। देश की महिलाओं को इस बात को ध्यान में रखना चाहिए। राजवीर सिंह के बयान पर कई कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी को घेरा था। बीजेपी नेता अपने चुनावी रैली में रिकॉर्ड शौचालय बनाए जाने की बात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications