पहले चरण की वोटिंग को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती का बड़ा बयान
पहले चरण का चुनाव खत्म होते ही मायावती ने वोटिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली। देश में पहले चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। 20 राज्यों की कुल 91 लोकसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले गए। पहले चरण में पश्चिमी यूपी की भी आठ सीटों- गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, कैराना, बागपत, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर पर मतदान हुआ। इन आठ सीटों में से तीन पर मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री भी चुनाव मैदान में थे। वहीं, आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह और उनके बेटे जयंत चौधरी की किस्मत भी पहले चरण के चुनाव में ईवीएम में बंद हो गई। इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर पहले चरण के चुनाव में भाजपा पर ईवीएम में धांधली करने का आरोप लगाया है।

भाजपा पर लगाया आरोप
मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'सत्ताधारी बीजेपी को इस लोकसभा चुनाव में आम जनता द्वारा बुरी तरह से नकारे जाने का ही परिणाम है कि अब बीजेपी वोट से नहीं बल्कि नोटों से, ईवीएम की धांधली से, पुलिस/प्रशासन तंत्र के दुरुपयोग से और ईवीएम में चुनाव कर्मचारियों से ही बटन दबवाकर आदि धांधलियों से चुनाव जीतना चाहती है। यदि देश के लोकतंत्र में आम जनता की आस्था को बचाए रखना है तो फिर चुनाव आयोग की यह संवैधानिक जिम्मेदारी बनती है कि वह इन बातों को गंभीरतापूर्वक संज्ञान ले और तत्काल आवश्यक उपाय करे ताकि अगले सभी चरण के चुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष हो सकें।'
'पुलिस और प्रशासन हमारे वोटरों को रोक रहा'
आपको बता दें कि गुरुवार को मतदान के दौरान बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में आज पुलिस और प्रशासन ने दलित समुदाय के सदस्यों को वोट डालने से रोक दिया। वहीं ईवीएम में बसपा का बटन दबाने से वोट भाजपा को जा रहा था। सतीश मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हमें अलग-अलग मतदान केंद्रों से सूचना मिल रही है कि बसपा के मतदाताओं को विशेष रूप से, दलितों को यूपी पुलिस द्वारा बल प्रयोग से मतदान केंद्रों तक जाने से रोका जा रहा है। यहां तक कि बल का उपयोग अधिकतम सीमा तक किया जा रहा है, ताकि वे अपने वोट डालने में सक्षम न हों। हमने इस बारे में चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज की है और तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया है। हमने चुनाव आयोग से कहा है कि इसमें उच्च स्तर के लोगों का हाथ है।'

ईवीएम खराब होने की मिली शिकायत
गौतरतलब है कि पहले चरण के मतदान में गुरुवार को यूपी के बिजनौर में कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि हाथी का बटन दबाने पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कमल का निशान दिखता है। सूचना मिलते ही आनन-फानन में बसपा के नेता मौके पर पहुंचे और मामले की शिकायत सेक्टर मजिस्ट्रेट से की। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने कहा कि ऐसा कोई भी मामला सामने नहीं आया है। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। उन्होंने बताया कि मॉक पोलिंग के दौरान कुछ गड़बड़ियां हुई थी, जिसके बाद हमने पूरा सेट ही चेंज कर दिया। वहीं, शामली जिले के लाला लालपत राय कन्या इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर भी एक ईवीएम मशीन में गड़बड़ी सामने आई। लोगों का आरोप था कि कमल का बटन दबाने पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कप प्लेट का निशान दिखाई देता है। लोगों के विरोध के बाद अधिकारियों ने ईवीएम को बदलवा दिया।
ये भी पढ़ें- दूसरे चरण के चुनाव में जानिए यूपी के सियासी समीकरण












Click it and Unblock the Notifications