Loksabha election: अमेठी से दावेदार कौन, 2024 में फिर से आमने-सामने होंगे राहुल गांधी और स्मृति ईरानी?
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अमेठी में सियासी पारा गरमा गया है। यूपी की अमेठी लोकसभा सीट पर अगले कुछ दिनों तक काफी गहमागहमीं रहने वाली है। क्योंकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अमेठी पहुंच गई है। केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी भी अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं।
राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दोनों 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले अमेठी का दौरा कर रहे हैं। आज हम वन इंडिया का इलेक्शन सीरीज 'दावेदार कौन?' अमेठी सीट पर चर्चा करने वाले हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को अमेठी में प्रवेश कर गई है। वहीं दूसरी ओर आज से भाजपा की स्मृति ईरानी की चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत हुई है। ईरानी ने 2019 के चुनावों में राहुल गांधी को इस सीट से हराया था।
यह 2019 लोकसभा चुनावों के बाद से केवल दूसरा अवसर है जब राहुल गांधी और ईरानी एक साथ अमेठी में मौजूद होंगे। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान अलग-अलग प्रचार कार्यक्रमों के चलते अमेठी में मौजूद थे। अमेठी से लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी उम्मीदवार होंगे या नहीं ये अभी तय नहीं है लेकिन आज अमेठी में राहुल गांधी और स्मृति ईरानी फिर आमने सामने होंगे।
राहुल फिर से ठोंक सकते हैं अमेठी से ताल ?
15 साल अमेठी से सांसद रहे राहुल गांधी 2019 में हार के बाद अमेठी में कम ही आए हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव से चंद हफ्ते पहले राहुल के अमेठी पहुंचने के बाद उनके फिर से इस सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। क्योंकि यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष घोषणा कर चुके हैं कि राहुल अगला चुनाव अमेठी से ही लड़ेंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को संसदीय क्षेत्र अमेठी के देवरी बॉर्डर से प्रवेश करेगी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हो रहे हैं। शाम चार बजे ऐंधी गांव के पास टोल प्लाजा स्थित स्थल पर जनसभा का कार्यक्रम होगा। राहुल गांधी की न्याय यात्रा शहरी इलाकों से गुजरेगी। राहुल गांधी पुलिस लाइन, ककवा ओवर ब्रिज, गांधी चौक, जामा मस्जिद, सागर तिराहा, देवी पाटन और वारामासी से होकर गौरीगंज के गांधी नगर टोल प्लाजा के पास पहुंचेंगे।
2024 में फिर से राहुल गांधी के घेरने की तैयारी
दूसरी तरफ, भाजपा सांसद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी अमेठी पहुंच गई है। उनके भी जनसंपर्क कार्यक्रम भाग लेने की योजना है। ईरानी भी सोमवार से चार दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचीं। स्मृति ईरानी 22 फरवरी को गौरीगंज के मेदन मवई गांव में बने अपने नए घर में गृह प्रवेश करेंगी। गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 20 हजार लोगों को निमंत्रण पत्र बांटा जा रहा है। इस दिन भोज का भी आयोजन किया गया है।
गृह प्रवेश से पहले तीन दिन स्मृति ईरानी गांवों का दौरा करेंगीं। राहुल गांधी के इतर ईरानी की यात्रा गांवों से होकर गुजर रही है। स्मृति टीकरमाफी, भादर, भावापुर, रतापुर, सोनारी कला, रामगंज, नगर डीह, खाझा और नेवडिया में जन संवाद करेंगी।
राहुल गांधी बनाम स्मृति ईरानी के मुकाबले की शुरूआत 2014 में हुई थी। 2014 में राहुल गांधी ने स्मृति ईरानी को करीब 90 हजार वोट से हराया था । 2019 के लोकसभा चुनावों में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को करीब 55 हजार वोट से हराया था। लेकिन इस बार देखना होगी कि अगर राहुल गांधी इस सीट से चुनाव लड़ते हैं तो क्या वह स्मृति ईरानी से अपनी हार का बदला ले पाएंगे?












Click it and Unblock the Notifications