Lok Sabha Election: महाराष्ट्र में जिस फॉर्मूले पर बीजेपी कर रही है विचार, क्या शिवसेना-एनसीपी होगी तैयार?
Maharashtra Lok Sabha Election News: महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को देर शाम दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के घर पर महायुति नेताओं की बैठक होने वाली है।
इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी नेता और डिप्टी सीएम अजित पवार के मौजूद रहने की संभावना है।

बीजेपी की दूसरी लिस्ट में हो सकते हैं 150 नाम
भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पहले से ही पार्टी की दूसरी लिस्ट को लेकर घोर मंथन में जुटा हुआ है। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में पार्टी करीब 150 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर देगी। पहली लिस्ट में भाजपा 195 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
महाराष्ट्र में भाजपा के फॉर्मूले पर मानेंगे सहयोगी?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी की महाराष्ट्र कोर कमेटी ने सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर एक फॉर्मूला तैयार किया है। इस फॉर्मूले के मुताबिक बीजेपी महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 32 पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है।
जबकि, भारतीय जनता पार्टी 12 सीटें सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना और 4 सीटें डिप्टी सीएम अजित पवार की एनसीपी के लिए छोड़ना चाहती है। हाल ही में जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुंबई गए थे तो मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों से उनकी बात भी हुई थी।
सूत्रों का कहना है तब शाह ने शिंदे और पवार से कहा था कि आम चुनावों में वह बीजेपी का 'ध्यान रखें' और इसके बदले कुछ महीने बाद होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में वे उनको 'पूरा सहयोग' करने का भरोसा दिलाया था।
बीजेपी के इन नेताओं को टिकट मिलने की चर्चा
जानकारी के मुताबिक बीजेपी से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का लगातार तीसरी बार नागपुर से टिकट फाइनल है। वहीं इस बार बीच-बीच में विद्रोही तेवर दिखाने वाली पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे को भी पार्टी मौका दे सकती है।
10 नए चेहरों को मौका दे सकती है पार्टी
संभावना है कि पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को भी वर्धा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाए। वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि महाराष्ट्र में पार्टी 10 नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतार सकती है।
2019 वाला फॉर्मूला नहीं हो सकता लागू
महाराष्ट्र में अभी शिवसेना की अगुवाई में बीजेपी और एनसीपी की महायुति (महागठबंधन) की सरकार है। बीजेपी 2019 में राज्य की 25 सीटों पर लड़कर 23 पर जीती थी। लेकिन, शिवसेना दो भागों में बंट चुकी है और एक हिस्सा उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के साथ है।
वहीं एनसीपी पिछली बार भाजपा-शिवसेना गठबंधन के खिलाफ कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। उसका भी दो हिस्सा हो चुका है। अजित पवार की अगुवाई वाला एनसीपी का एक गुट बीजेपी और शिंदे की शिवसेना के साथ आ चुका है। दूसरा गुट एनसीपी शरदचंद पवार, शरद पवार के पास रह गया है।
इसी बदले हुए समीकरण की वजह से राज्य में महायुति या केंद्र में एनडीए गठबंधन के बीच सीट बंटवारे का मामला उलझा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications