Kuwait Fire: एस जयशंकर ने कुवैत के विदेश मंत्री से की बात, कल कीर्ति वर्धन सिंह होंंगे रवाना
Kuwait Fire: कुवैत हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य शीर्ष मंत्री व अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद विदेश मंत्री ने कुवैत के विदेश मंत्री से अब्दुल्ला अली अल यायदा से फोन पर बात की।
विदेश मंत्री ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कुवैत के विदेश मंत्री से कुवैत में आग हादसे पर बात की। कुवैत प्रशासन की ओर से हादसे के बाद क्या कदम उठाए गए हैं, इसकी जानकारी दी गई।

साथ ही विदेश मंत्री ने इस बात का भी भरोसा दिया है कि इस हादसे की सघनता से जांच की जाएगी और जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विदेश मंत्री ने इस दौरान कुवैत के विदेश मंत्री से अपील की है कि शवों को जल्द से जल्द भारत भेजा जाए। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया है कि घायलों की उचित और त्वरित उपचार मुहैया कराया जाए।
हादसे के बाद गुरुवार की सुबह विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह भी कुवैत पहुंच रहे हैं। एस जयशंकर ने कहा कि कीर्ति वर्धन सिंह के कुवैत पहुंचने पर हम हालात की समीक्षा करेंगे।
विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि कुवैत हादसे में 40 लोगों की मौत हुई है। जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। घायलों का पांच सरकारी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
एडन, जाबेर, फरवानिया मुबारक अल कबीर और जाहरा अस्पताल में लोगों का इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन के साथ हम लगातार संपर्क में हैं। पीड़ित परिवारों के लिए +965-65505246 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
बता दें कि कुवैत हादसे में तकरीबन 49 लोगों की मौत हुई है, जिसमे से 40 भारतीय हैं। ये अधिकतर केरल, तमिलनाडु और उत्तर भारत के लोग हैं। जिस बिल्डिंग में आग लगी है वह श्रमिकों के लिए कंपनी की ओर से किराए पर ली गई थी।















Click it and Unblock the Notifications