केजरीवाल पर भड़के कुमार विश्वास ने कहा- सबके भरोसे की पीठ में छुरा घोंपने का मिला फल
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कांग्रेस से गठबंधन की कवायदों पर कुमार विश्वास ने तंज कसा है। कुमार विश्वास ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि कार्यकर्ताओं के खून-पसीने, साथियों के निस्वार्थ श्रम व करोड़ों लोगों की दुआओं ने 70 में 67 सीट दिलाईं लेकिन एक आत्ममुग्ध, असुरक्षित बौने के ओछेपन ने उसी जनादेश को इस गिरावट तक ला दिया कि जिनकी सीट जीरो की आज उन्हीं के सामने गिड़गिड़ा रहा है।

आपको बता दें कि बीती रात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस से गठबंधन को लेकर कहा था कि वह मना-मना कर थक गए हैं लेकिन कांग्रेस नहीं मान रही। इसी के साथ कुमार विश्वास ने केजरीवाल का 2013 का एक ट्वीट रीट्वीट कर सीएम को उनकी ही बात याद दिलाई। 2013 के इस ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा था, 'किसी भी परिस्थिति में भाजपा या कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं होगा।'
दरअसल इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली में अरविंद केजरीवाल कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस उनकी इस मांग को नहीं मान रही। बुधवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ विपक्षी दलों का सिर्फ एक उम्मीदवार होना चाहिए, वोट बटना नहीं चाहिए, उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस को गठबंधन के लिए मनाने में थक गए हैं लेकिन कांग्रेस है कि समझने को तैयार नहीं। केजरीवाल ने कहा कि अगर कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन हो जाता है तो दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की हार होगी।












Click it and Unblock the Notifications