क्या ब्रिटेन के नए पीएम से ज्यादा पढ़े लिखे हैं मोदी? जानिए ऋषि सुनक और कीर स्टार्मर में कौन है ज्यादा धनवान
Kier Starmer: कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी ने ब्रिटेन के आम चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, जो ब्रिटिश राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। इसके साथ ही कीर स्टारमर ने ऋषि सुनक को हटाकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की जगह ले ली है।
प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की आखिरी कोशिशें मतदाताओं को जीतने में नाकाम रहीं, हालांकि कंजरवेटिव पार्टी ने चेतावनी दी थी कि लेबर सरकार आने से टैक्स बढ़ेंगे। सुनक ने कथित तौर पर अपने समर्थकों से रिचमंड और नॉर्दर्न ऑलर्टन में कहा, "मुझे खेद है। मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूँ।"

कीर स्टार्मर की जीत के साथ ही उनके पढ़ाई से लेकर संपत्ति तक के बारे में चर्चा तेज हो गई है। लोग ये जानने में काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं कि कीर स्टार्मर कितने पढ़े लिखे हैं और कितनी संपत्ति के मालिक हैं। कीर स्टार्मर की तुलना भारतीय मूल के ब्रिटेन पीएम ऋषि सुनक के साथ-साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी की जा रही है। आइए जानते हैं कीर स्टार्मर की पढ़ाई और संपत्ति से जुड़ी कुछ खास बातें।
कितने पढ़े लिखे हैं प्रधानमंत्री मोदी?
चुनावी हलफनामे के अनुसार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मास्टर्स ऑफ आर्टस (MA) तक पढ़ाई की हुई है। पीएम मोदी ने साल 1967 में दसवीं कक्षा की परीक्षा पास की थी। जबकि उन्होने स्नातक (बैचलर ऑफ आर्टस/BA) साल 1978 में पास किया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद नरेंद्र मोदी ने साल 1983 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से ही एमए की डिग्री प्राप्त की थी।
कितने पढ़े लिखे हैं ब्रिटेन के नए पीएम कीर स्टार्मर?
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लीड्स विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई की है, जहां उन्होंने 1985 में प्रथम श्रेणी बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी) की डिग्री के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने सेंट एडमंड हॉल, ऑक्सफोर्ड में अपनी पढ़ाई जारी रखी और 1986 में सेंट एडमंड हॉल से बैचलर ऑफ सिविल लॉ (बीसीएल) की डिग्री प्राप्त की। टाइम्स नाउ नवभारत की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की डिग्री ली है।
ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक की संपत्ति
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति की संपत्ति में पिछले साल £122 मिलियन (करीब 1287 करोड़ रुपये) की वृद्धि हुई। संडे टाइम्स रिच लिस्ट के अनुसार अब इनकी कुल संपत्ति 2023 में £529 मिलियन से बढ़कर £651 मिलियन (6867 करोड़ रुपये) हो गई है।
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर कितनी संपत्ति के मालिक हैं?
प्रोलिफिक लंदन की एक रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन के नए पीएम कीर स्टार्मर की कुल संपत्ति £7.7 मिलियन (लगभग ₹82,21,92,910) है। हालांकि, 1996 से अन्य राजस्व स्रोतों और भूमि सहित उनकी कुल संपत्ति की गणना करने पर उनकी कुल संपत्ति £10 मिलियन से £15 मिलियन के बीच हो सकती है।
साल 2021 और 2022 में, उन्होंने एक सांसद के रूप में सालाना £76,961 कमाए। इसके अलावा, विपक्षी नेता के रूप में उनकी भूमिका के लिए उन्हें £49,193 मिले। बैरिस्टर के रूप में प्रैक्टिस करते हुए, उन्होंने £21,000 से अधिक कमाए।
मई 2020 में उन्होंने 10 मिलियन पाउंड की कीमत वाली सात एकड़ जमीन खरीदी। उनकी पत्नी विक्टोरिया के पास उत्तरी लंदन में एक घर है। इस संपत्ति को शुरू में 600,000 पाउंड में खरीदा गया था और अब इसकी कीमत 1 मिलियन पाउंड से ज़्यादा होने का अनुमान है।
अगर ऋषि सुनक और कीर स्टार्मर की संपत्ति की तुलना करें तो ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री की दौलत ऋषि सुनक से लगभग 84 गुना कम है।












Click it and Unblock the Notifications