केरल: पॉजिटिविटी रेट में मामूली गिरावट, 24 घंटे में सामने आए 25 हजार से ज्यादा नए केस
नई दिल्ली, 10 सितंबर: पूरा देश कोरोना महामारी की दूसरी लहर से उबर गया है, लेकिन केरल के हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं। वहां पर पिछले 24 घंटे में 25,010 नए कोविड -19 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा 177 लोगों ने इस वायरस की वजह से जान गंवाई। हालांकि अब वहां पर पॉजिटिविटी रेट गिरकर 16.53 प्रतिशत हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने अधिकारियों को कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं।

केरल स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 1,51,317 नमूनों को टेस्टिंग के लिए भेजा गया था। जिसमें 25 हजार पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में सकारात्मकता दर (TPR) 17.63 प्रतिशत से घटकर 16.53 प्रतिशत हो गई। इसके अलावा 23,535 लोग रिकवर हुए। जिस वजह से अब कुल रिकवर मरीजों की संख्या 40,74,200 हो गई है। केरल के 14 जिलों में त्रिशूर ने सबसे ज्यादा 3226 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद एर्नाकुलम में 3034 और मलप्पुरम में 2606 मामले सामने आए। फिलहाल अभी राज्य में सक्रिय कोविड -19 मामलों की संख्या 2,37,643 है। जिसमें केवल 12.9 फीसदी का ही अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
वहीं मंगलवार और बुधवार को 30 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आने के बाद केरल में पिछले दो दिनों से गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को भी वहां पर 26,200 नए मामले सामने आए थे। इस बीच, केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने घोषणा की कि राज्य सरकार स्कूलों को फिर से खोलने की योजना बना रही है। हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है, सिर्फ लोगों से राय ली जा रही है।
देश का क्या है हाल?
शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना के 34,973 केस सामने आए हैं। साथ ही 37,681 लोग ठीक हुए, जबकि 260 मरीजों ने जान गंवाई। इसके बाद देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,31,74,954 हो गई है। जिसमें से 3,23,42,299 रिकवर हुए और 4,42,009 की मौत हुई। वहीं वैक्सीनेशन आंकड़े की बात की जाए तो वो 72,37,84,586 (72.37 करोड़) है।












Click it and Unblock the Notifications