केरल: बाढ़ की तबाही के बीच युवक ने कमीज उतारकर सेना को बुलाया, सेल्फी खींचने के बाद जाने को कहा
केरल सदी की सबसे भयानक त्रासदी से जूझ रहा है। सेना, नौसेना और वायु सेना बिना रात-दिन देखे राज्य में राहत बचाव का कार्य कर रही हैं। चारों तरफ मची तबाही के बीच सेना के राहत बचाव कार्य की हर जगह तारीफ हो रही है।

तिरुवनंतपुरम। केरल सदी की सबसे भयानक त्रासदी से जूझ रहा है। सेना, नौसेना और वायु सेना बिना रात-दिन देखे राज्य में राहत बचाव का कार्य कर रही हैं। चारों तरफ मची तबाही के बीच सेना के राहत बचाव कार्य की हर जगह तारीफ हो रही है। वहीं इसी बीच एक ऐसी घटना देखने को मिली है जिसने सेना के साथ-साथ सोशल मीडिया पर लोगों को भी काफी नाराज कर दिया है। केरल में जहां सेना के जवान मुश्किल से मुश्किल हालातों में बाढ़ पीड़ितों की मजज करने में जुटे हैं, वहीं एक युवक ने सेना के हेलीकॉप्टर को सिर्फ इसलिए नीचे उतरवाया ताकी वो उनके साथ सेल्फी ले सके।

मुश्किल हालातों में लैंड किया हेलीकॉप्टर
केरल के मरून्ड क्षेत्र में एयर फोर्स की टीम राहत बचाव कार्य में लगी हुई थी। इस क्षेत्र में राहत बचाव कार्य काफी मुश्किल था, तभी टीम ने देखा कि एक युवक अपनी कमीज उतारकर हेलीकॉप्टर का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहा है। युवक को मुश्किल में देख पायलट ने हेलीकॉप्टर को तुरंत उसके पास लैंड किया। हेलीकॉप्टर को वहां उतारना मुश्किल था फिर भी टीम ने युवक की जान बचाने के लिए तुरंत हेलीकॉप्टर को लैंड किया। जैसे ही हेलीकॉप्टर लैंड हुआ, जवान तुरंत युवक को बचाने के लिए बाहर निकले।

'सेल्फी खींचने के बाद सेना को जाने को कहा'
जवानों को आता देख युवक ने तुरंत अपना कैमरा निकाला और उनके साथ सेल्फी खींच ली। युवक की इस हरकत को देख एयर फोर्स की टीम भी हैरान रह गई। सेल्फी खींचने के बाद युवक ने जवानों के वहां से जाने के लिए कह दिया। स्कार्डन लीडर रॉन रॉबर्ट ने युवक की हरकत पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसी मुश्किल घड़ी में लोगों को इंसानों जैसा व्यवहार करना चाहिए। 'ऐसे समय में आपको इंसानों जैसा बर्ताव करना चाहिए। आपको वक्त और ईंधन की बर्बादी के बारे में सोचना चाहिए। इसमें हम अपना कीमती वक्त खो रहे हैं।'

सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी
केरल में बाढ़ की तबाही के बीच आई ये खबर निराश करने वाली है। सेना के जवान बिना कुछ देखे लोगों की मदद करने में जुटे हैं, ऐसे में एक सेल्फी के लिए उनका समय और ईंधन बर्बाद करना शर्मनाक है। युवक की हरकत पर सोशल मीडिया में काफी नाराजगी है।
ये भी पढ़ें: केरल: नेवी कमांडर ने बचाई थी दो महिलाओं की जान, छत पर पेंट से लिखा 'शुक्रिया'












Click it and Unblock the Notifications