केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बोली कांग्रेस, INDIA bloc से पीएम 'परेशान', जनादेश को लेकर चौंकाने वाला दावा
Congress reacts on Arvind Kejriwal arrest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की शराब घोटाले में गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने दावा किया है कि इससे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया ब्लॉक की ताकत से 'परेशान' हो गए हैं। कांग्रेस का दावा है कि इससे लोकसभा चुनावों में उनका गठबंधन और भी मजबूत होगा और उसे जनादेश भी मिलेगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयजोक और दिल्ली के सीएम केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब घोटाले के आरोपों में गुरुवार को गिरफ्तार किया था और शुक्रवार को देल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने उन्हें 28 मार्च तक के लिए इसकी रिमांड पर भेज दिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इन्हीं घटनाक्रमों पर पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया जाहिर की है।

प्रधानमंत्री इंडिया ब्लॉक से परेशान हैं- कांग्रेस
केजरीवाल की गिरफ्तारी से जुड़े मामले पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, 'यह बदले की राजनीति है, यह पूरी तरह से साफ हो चुका है कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री इंडिया ब्लॉक से परेशान हैं, जो कि एक बहुत ही मजबूत गठबंधन है। यह सीटों का गठबंधन नहीं है, यह एक जनबंधन है।'
'इस चुनाव में हमें जनादेश मिलने जा रहा है'
वे बोले, 'इस कदम से यह बहुत ही स्पष्ट हो चुका है कि इस चुनाव में हमें जनादेश मिलने जा रहा है।' उनके मुताबिक, 'सिर्फ नीतीश कुमार (बिहार के सीएम) पलटे हैं, जयंत (जयंत चौधरी) चले गए हैं, लेकिन असली लोकदल हमारे साथ है। इससे बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा और हमारी शक्ति और बढ़ेगी, इन चुनावों को लड़ने के लिए हम हमारी पूरी ताकत लगा देंगे।'
उन्होंने बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उन्होंने झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया और अब केजरीवाल को पकड़ा है। उन्होंने 'कई अन्य नेताओं के खिलाफ भी ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स को छोड़ दिया है।'
यह ध्यान भटकाने की एक साजिश है- जयराम रमेश
उनका दावा है कि 'हमें पता है कि ऐसा (केजरीवाल की गिरफ्तारी) क्यों किया जा रहा है। यह एक साजिश है और जब हमें जनता का विश्वास मिल रहा है तो यह हमें डिरेल करने की एक कोशिश है। यह उससे ध्यान भटकाना चाहते हैं।'
कांग्रेस नेता के मुताबिक उनकी 'पार्टी और अन्य दल जनता के असली मुद्दों को उठा रहे हैं, जैसे कि बढ़ती कीमतें, महंगाई, आर्थिक असमानता और सामाजिक ध्रुवीकरण, वे इन मसलों से ध्यान भटकाना चाहते हैं। वे झारखंड में सीएम को गिरफ्तार करते हैं, फिर दिल्ली के और ईडी और सीबीआई के जरिए अन्यों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हैं। यह सब हेडलाइन मैनेजमेंट के लिए है।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications