पीएम के परिवारवाद वाले बयान पर KCR का पलटवार, कहा- केंद्र में होगा बदलाव, जल्द मिलेगी सनसनीखेज खबर
नई दिल्ली, 26 मई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हैदराबाद के दौरे पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने आईएसबी हैदराबाद के 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। साथ ही लोगों को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर हमला बोला। अपने भाषण में पीएम मोदी ने परिवारवाद का मुद्दा भी उठाया। जिससे तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव नाराज हो गए और उन्होंने मोदी सरकार पर पलटवार किया।
Recommended Video

केसीआर ने गुरुवार को बेंगलुरु में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी खुश नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर जल्द बदलाव होगा, इसे कोई नहीं रोक सकता। दो-तीन महीनों में आपको सनसनीखेज खबर मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि देश में आदिवासी, किसान और गरीब खुश नहीं हैं। उद्योग बंद हो रहे और जीडीपी की हालत खराब है। इसके अलावा महंगाई तेजी से बढ़ रही और रुपये डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रहा।
वहीं पूर्व पीएम से मुलाकात के दौरान उनके बेटे एचडी कुमारस्वामी भी मौजूद थे। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने मेरे आवास पर मुझसे मुलाकात की। हमने राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव एक वैकल्पिक मोर्चे के लिए काम कर रहे हैं। वो नेताओं से मिलने के लिए विभिन्न राज्यों का दौरा भी कर रहे। वो देश को बचाना चाहते हैं। साथ ही गरीब लोगों के हित में बदलाव लाना चाहते हैं।
पीएम ने कही थी ये बात
हैदराबाद में पीएम मोदी ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां केवल अपने विकास के बारे में सोचती हैं। ये पार्टियां गरीब लोगों की परवाह नहीं करतीं, उनकी राजनीति इस बात पर केंद्रित रहती है कि अपने परिवार के लिए वो सत्ता कैसे पाएं और कैसे जनता को लूटें। परिवारवादी पार्टियों को लोगों के विकास में कोई रुचि नहीं। इसके अलावा उनकी वजह से प्रतिभाओं को राजनीति में आने का मौका भी नहीं मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications