'मोदी को तीसरी बार पीएम बनना चाहिए' कहने वाले नेता क्यों लड़ रहे हैं बीजेपी के खिलाफ चुनाव
Karnataka Lok Sabha Elections: बीजेपी से निष्कासित कर्नाटक के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा का कहना है कि देश और दुनिया के लोग चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार भी प्रधानमंत्री बनें।
उन्होंने कहा, 'हमारे नेता नरेंद्र को एक बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। यह पूरे देश और दुनिया की इच्छा है।' ईश्वरप्पा कर्नाटक की शिवमोगा सीट से बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

कर्नाटक में 27 सीट बीजेपी, 1 मैं जीतूंगा- केएस ईश्वरप्पा
ईश्वरप्पा ने कहा है, 'मैं चाहता हूं कि बीजेपी 27 सीटें जीते, एक सीट मैं निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीतूंगा और कर्नाटक की कुल 28 सीटें नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में योगदान देंगी...बीजेपी मेरी मां है।'
दरअसल, ईश्वरप्पा अपने बेटे के लिए टिकट चाहते थे, जो नहीं मिला। लेकिन, पूर्व सीएम और भाजपा के दिग्गज बीएस येदियुरप्पा के बेटे को टिकट मिल गया। इसी वजह से उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोला है। वह पार्टी पर येदियुरप्पा की पकड़ का विरोध कर रहे हैं।
'चुनावों के बाद मुझे अपनी मां (बीजेपी)के पास लौटना होगा'
चुनावों के बाद फिर से बीजेपी में शामिल होने की बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने ग्रैजुएशन के बाद बीजेपी ज्वाइन की थी और तब से अबतक मैं इसके सिद्धांतों से बंधा हुआ हूं। मैंने अभी तक कोई पार्टी ज्वाइन नहीं की है और आखिर तक कोई दूसरी पार्टी ज्वाइन भी नहीं करूंगा। कुछ समस्याओं की वजह से मैं पार्टी से बाहर हुआ हूं, लेकिन चुनावों के बाद मुझे अपनी मां (बीजेपी)के पास लौटना होगा।'
7 मई को होगी कर्नाटक की बाकी 14 सीटों पर वोटिंग
बीजेपी में वापसी की उम्मीद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जब जदगीश शेट्टार की वापसी हो सकती है तो उनकी क्यों नहीं हो सकती। शिवमोगा में 7 मई को देश में तीसरी चरण और कर्नाटक में दूसरे चरण में चुनाव है।
इस चरण में कर्नाटक की बाकी सभी 14 सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण में कर्नाटक की 28 में से दक्षिण कर्नाटक की 14 सीटों पर चुनाव करवाया गया था। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
2019 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में मोदी लहर चली थी और 28 में से 25 सीटें बीजेपी अकेले जीत गई थी और 1 पर उसके समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी। तब कांग्रेस और जेडीएस में गठबंधन था, फिर भी दोनों एक-एक सीट ही जीत सकती थीं।
इस बार भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) में मुकाबला है। बीजेपी 25 और जेडीएस 3 सीटों पर चुनाव मैदान में है। (इनपुट-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications