कर्नाटक सीएम का स्कूल खोलने का ऐलान, हिजाब विवाद को लेकर कही ये बात
बेंगलुरू, 10 फरवरी: कर्नाटक में हिजाब पर विवाद के बाद बंद किए गए स्कूलों को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने फिर से खोलने का ऐलान किया है। गुरुवार को सीएम बोम्मई ने कहा कि हिजाब का मामला हाईकोर्ट में है। कोर्ट ने फिलहाल स्कूल में धार्मिक ड्रेस पहनने पर रोक लगाई है। ऐसे में हमने स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला लिया है।

बसवराज बोम्मई ने कहा कि आज हाईकोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने मामले को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कोर्ट ने सभी स्कूलों को फिर से खोलने की अपील करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के किसी भी धार्मिक ड्रेस से परहेज रखा जाए। हमने निर्णय लिया है कि सोमवार से 10वीं तक की कक्षाओं के लिए स्कूल खोले जाएंगे। 11वीं-12वीं और डिग्री कॉलेजों को खोलने का फैसला हालात का जायजा लेकर बाद में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से स्थिति शांतिपूर्ण रही है, मैं सभी से एक साथ काम करने और कॉलेजों में शांति बनाए रखने की अपील करता हूं।
क्या कहा है कर्नाटक हाईकोर्ट ने
कर्नाटक में हिजाब पहन कर कक्षा में आने की इजाजत दिए जाने की मांग करने वाली याचिका पर हाईकोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई की है। अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद अगले आदेश तक स्कूल-कॉलेजों में धार्मिक प्रतीक पहनने पर रोक लगा दी। सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कहा कि पहले हम ये देखेंगे कि हिजाब पहनना मौलिक अधिकार है या नहीं। इसके बाद इस संबंध में अंतिम फैसला लिया जाएगा।
कर्नाटक के कई कॉलेजों में बीते महीने हिजाब पहनने वाली लड़कियों को स्कूल-कॉलेज में एंट्री करने से रोक दिया गया था। इसके खिलाफ कोर्ट में अर्जी दी गई है। बता दें कि ये मामला इन दिनों काफी ज्यादा चर्चा में हैं और दुनियाभर से इस पर लोगों ने टिप्पणियां की हैं।












Click it and Unblock the Notifications