'...वो ताना मारते थे, कांग्रेस मुक्त भारत का, अब दक्षिण से मुक्त हो गए', खड़गे ने बीजेपी पर साधा निशाना
कर्नाटक चुनाव में बड़ी सफलता के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर तंज कसा है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सफलता से सिद्ध कर दिया कि अब बीजेपी मुक्त दक्षिण भारत है।

Karnataka Election Results: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत को लेकर राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक चुनाव में सफलता का श्रेय 'भारत जोड़ो यात्रा' में कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा जिन- जिन क्षेत्रों से गुजरी वहां से कांग्रेस को 99 प्रतिशत सफलता हासिल हुई है।
कांग्रेस की कर्नाटक विधानसभा में सफलता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पार्टी के अभियान की शुरुआत पदयात्रा से हुई थी। फिर कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' पहुंची। खड़गे ने कहा, "राहुल गांधी जिस रास्ते से चले उसमें से लगभग 99% सीटें हम जीत चुके हैं। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अहंकार अधिक समय तक नहीं रहता। यह एक लोकतंत्र है और हमें लोगों की बात सुननी होगी और उन लोगों के सामने सिर झुकाना होगा जो हमें सही रास्ता दिखाते हैं। यह किसी की जीत नहीं है, यह राज्य की जनता की जीत है। उन्होंने फैसला किया और चुना। इसलिए हमें 36 साल बाद 136 सीटों पर जीत मिली, जो एक बड़ी सफलता है।
खड़गे ने आगे कहा, "इससे पूरे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। बीजेपी हमें ताना मारती थी और कहती थी कि हम 'कांग्रेस मुक्त भारत' बनाएंगे। अब सच्चाई यह है कि यह 'भाजपा मुक्त दक्षिण भारत' है।"
वहीं राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "मैं कर्नाटक की जनता, कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और पार्टी के सब नेताओं को बधाई देता हूं। कर्नाटक के चुनाव में एक तरफ क्रोनी कैपिटलिस्ट की ताकत थी, दूसरी तरफ जनता की ताकत थी और जनता ने इन्हें हरा दिया। हमने प्यार और मोहब्बत से यह लड़ाई लड़ी। कर्नाटक की जनता ने हमें बताया, इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ और मोहब्बत की दुकान खुली है। यह कर्नाटक की जीत है। हमारे पांच वादे हैं, हम इसे पहली कैबिनेट में पूरा करेंगे।"
कांग्रेस के कर्नाटक चुनाव में प्रदर्शन पर राज्य के एआईसीसी प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है। कर्नाटक ने न केवल कर्नाटक के लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए लोकतंत्र के लिए एक नया जीवन दिखाया है। यह हर कन्नडिगा की जीत है।"
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने भी कर्नाटक चुनाव परिणामों को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने कहा, "मैं कर्नाटक के लोगों, सभी मतदाताओं को सलाम करता हूं। मैं विजेताओं को उनकी जीत के लिए भी सलाम करता हूं। यहां तक कि कुमारस्वामी ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव आ रहे हैं, और मुझे लगता है कि बीजेपी दोनों चुनाव हार जाएगी। यह अंत की शुरुआत है।" 2024 का...अब, मुझे नहीं लगता कि वे (BJP) 100 को भी पार कर पाएंगे।"
वहीं कर्नाटक के जनादेश के स्वीकर करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। मैं कर्नाटक भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और सक्रिय रूप से रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उनकी आवाज बुलंद करेगी।"












Click it and Unblock the Notifications