Karnataka Chunav result 2023: बीजेपी के दलबदलुओं में किसने किया कमाल और किसकी फूटी किस्मत? जानिए
Karnataka Chunav result 2023: भाजपा छोड़कर दूसरे दलों से चुनाव लड़ने वाले कई नेताओं को बड़ी सफलता मिली है। लेकिन, कुछ को वोटरों ने खूब सबक सिखाया है।

Karnataka Chunav BJP turncoats result 2023: हर चुनाव की तरह कर्नाटक चुनाव में भी इस बार कई नेताओं ने टिकट नहीं मिलने या और दूसरी वजहों से अपनी पार्टी छोड़कर दूसरे दलों से अपना चुनावी किस्मत आजमाया है। इसमें भाजपा के कुछ पुराने और बड़े चेहरे भी शामिल हैं। इनमें से किसी को सफलता मिली और कुछ को बहुत बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है।
भाजपा छोड़ कई नेताओं ने दूसरे दलों से लड़ा चुनाव
भाजपा से जिन बड़े नेताओं ने चुनावों के दौरान दलबदल किया था, उनमें से पार्टी के 6 बार के एमएलए जगदीश शेट्टार, पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी, एचडी थम्मैया और विधायक एमपी कुमारस्वामी शामिल हैं। इनमें से पहले तीन ने टिकट कटने पर कांग्रेस का हाथ थामा और कुमारस्वामी बीजेपी छोड़कर जेडीएस में शामिल हो गए।
शेट्टार को लगी बहुत बड़ी चपत
जहां कांग्रेस ने पूरे कर्नाटक में बहुत ही जबर्दस्त जीत दर्ज की है, वहीं उसके प्रत्याशी जगदीश शेट्टार हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट से बीजेपी के महेश तेंगिंकायी से करीब 35 हजार वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हार गए। लेकिन, एचडी थम्मैया को चिकमंगलूर सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि को 5,926 वोटों से हराने में सफलता मिल गई।
भाजपा छोड़ने वाले इन नेताओं ने किया कमाल
कांग्रेस में शामिल होने से पहले थम्मैया रवि के बहुत ही निकट सहयोगियों में शामिल थे। इसी तरह अथानी विधानसभा में लक्ष्मण सावदी ने बीजेपी के महेश कुमाथल्ली को 76,122 वोटों के भारी अंतर से हराकर अपना लोहा मनवाया है। कुमाथल्ली पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। वह कांग्रेस के उन विधायकों में शामिल थे, जिनके दलबदल की वजह से 2019 में कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिर गई थी।
कुमारस्वामी जेडीएस में गए और तीसरे नंबर पर चले गए
लेकिन, मुदिगेरे सीट पर कुमारस्वामी को हार का स्वाद चखना पड़ा है। वह इस सीट पर तीसरे नंबर पर रहे हैं। यहां कांग्रेस के नयना मोतम्मा ने भाजपा के दीपक डोड्डैया को 722 के मामूली वोटों के अंतर से हराया है। कर्नाटक की 224 सीटों में से कांग्रेस को 136, बीजेपी को 65, जेडीएस को 19, निर्दलीय को 2 और अन्य को भी 2 सीटें मिली हैं।
Recommended Video
कांग्रेस के वोट शेयर में जबर्दस्त उछाल
इस बार कर्नाटक में कांग्रेस और बीजेपी के वोट शेयर में बहुत ज्यादा अंतर रहा है। हालांकि, भाजपा का वोट शेयर लगभग अपनी जगह पर कायम है, लेकिन कांग्रेस के वोट शेयर में काफी उछाल आया है। कांग्रेस को जहां करीब 43 फीसदी वोट मिले हैं, वहीं बीजेपी ने 36 फीसदी का अपना आंकड़ा लगभग कायम रखा है। जेडीएस के वोट शेयर में काफी गिरावट हुई है और वह लगभग 13 फीसदी वोट ही जुटा सकी है।












Click it and Unblock the Notifications