कर्नाटक के धर्मस्थल में खुदाई के छठे दिन मिला मानव अवशेषों का ढेर, 100 हड्डियां और खोपड़ी बरामद
कर्नाटक के धर्मस्थल में सामूहिक दफन मामले में सोमवार को खुदाई के दौरान बड़ा खुलासा हुआ। मामले की जांच में करीब 100 मानव हड्डियां और एक खोपड़ी बरामद की गईं।
ये अवशेष धर्मस्थल थाना क्षेत्र में नेत्रवती स्नान घाट के पास वन क्षेत्र में खुदाई के छठे दिन मिले। एसआईटी (SIT) सूत्रों ने कहा कि, 'शिकायतकर्ता-गवाह द्वारा दिखाए गए 11वें स्थल से लगभग 100 मीटर दूर कंकाल के अवशेष पाए गए। खोपड़ी और रीढ़ की हड्डियों सहित लगभग 100 हड्डियां बरामद की गईं।'

कंकाल के अंगों से दो व्यक्तियों के शव होने के संकेत
सूत्रों ने बताया कि, 'बरामद किए गए कंकाल के अंगों से संकेत मिलता है कि वे दो व्यक्तियों के हो सकते हैं। एक लंबी रीढ़ की हड्डी भी मिली है। एक्सपर्ट की टीम ने इसे वैज्ञानिक रूप से एकत्र किया है। उसी स्थान पर एक साड़ी भी मिली है।'
पेड़ पर छह फीट की ऊंचाई पर मिली साड़ी
एसआईटी सूत्रों ने बताया कि साड़ी पेड़ पर छह फीट की ऊंचाई पर बंधी हुई थी। एसआईटी टीम सुबह लगभग 11.30 बजे जंगल में दाखिल हुई और शाम 6.15 बजे तक अपनी खोज जारी रखी। जंगल से बाहर ले जाने से पहले कंकाल के अवशेषों को तीन बाल्टियों और दो पीवीसी पाइपों में बंद कर दिया गया था।
जंगल के अंदर 13 संभावित कब्रिस्तानों की पहचान
शिकायतकर्ता-गवाह ने पहले धर्मस्थल स्नान घाट के पास और जंगल के अंदर 13 संभावित कब्रिस्तानों की पहचान की थी। इनमें से अब तक 10 की खुदाई क्रमवार की जा चुकी है। हालांकि 11वें स्थल की खुदाई सोमवार को होनी थी, लेकिन शिकायतकर्ता-गवाह ने पास के ही किसी अन्य स्थान पर खुदाई का अनुरोध किया।
उस दिन के काम के लिए लगभग 20 मजदूर लगाए गए थे। हालांकि उस स्थल पर एक छोटा अर्थमूवर लाया गया था, लेकिन उसका इस्तेमाल जंगल में नहीं किया गया। टीम के जंगल में प्रवेश करने के तुरंत बाद, नमक की दो बोरियां मंगवाई गईं। क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एसआईटी अधिकारियों ने चार कमांडो भी तैनात किए। मौके पर पुत्तूर की सहायक आयुक्त स्टेला वर्गीस और एसआईटी के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दयामा भी मौजूद थे।
31 जुलाई को शिकायतकर्ता-गवाह द्वारा पहचाने गए छठे स्थल पर एक पुरुष के कंकाल के अवशेष मिले। हालांकि, पहले खोदे गए अन्य नौ स्थलों पर कोई मानव अवशेष नहीं मिले।
धर्मस्थल पुलिस में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई
धर्मस्थल गांव में लगभग 15 साल पहले हुई एक 13 से 15 साल की लड़की की संदिग्ध मौत का हवाला देते हुए जयंत टी ने धर्मस्थल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जयंत ने कहा कि लड़की के शव को बिना पोस्टमार्टम के ही दफना दिया गया था और उस समय कोई प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई थी।
इचलमपडी निवासी जयंत ने कथित घटना के विवरण के साथ बेलथांगडी स्थित एसआईटी कार्यालय से संपर्क किया। शिकायत की समीक्षा के बाद एसआईटी अधिकारियों ने उन्हें धर्मस्थल पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया। दक्षिण कन्नड़ के एसपी डॉ. अरुण के ने पुष्टि की कि शिकायत सोमवार को प्राप्त हुई थी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जयंत ने कहा कि, 'मैं देश के कानून का सम्मान करता हूं। 15 साल पहले लड़की को दफनाते हुए देखने वाले चार-पांच लोग जांच के दौरान गवाही देने के लिए तैयार हैं।' उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी शिकायत किसी व्यक्ति या मंदिर के खिलाफ नहीं है। 'मेरा इरादा बस यह बताना है कि उस समय पुलिस अधिकारियों ने गलती की थी और उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।'
आरटीआई (RTI) कार्यकर्ता जयंत सौजन्या हत्याकांड में न्याय की लड़ाई में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, 'मैं 2015 से भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं हूं, न ही किसी का समर्थन करता हूं। मैं मंदिर विरोधी नहीं हूं, न ही कम्युनिस्ट। दरअसल, हम घर में दो देवताओं की पूजा करते हैं और अपनी जमीन पर एक मंदिर भी बनवाया है। मैंने आरटीआई कानून का इस्तेमाल करके सौजन्या मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़ इकट्ठा किए हैं।'
सौजन्या हत्याकांड का क्या है मामला?
दरअसल, कर्नाटक के धर्मस्थल में 17 वर्षीय छात्रा सौजन्या की रहस्यमयी मौत साल 2012 में सामने आई थी, जो आज भी इंसाफ का इंतजार कर रही है। सौजन्या 9 अक्टूबर को लापता हुई थी और अगले दिन उसकी लाश नदी किनारे मिली, जिसके शरीर पर चोटों के निशान और उसके साथ दुष्कर्म के संकेत मिले थे। शुरुआती जांच में एक युवक संतोश राव को आरोपी बनाया गया, लेकिन 2023 में अदालत ने उसे सबूतों के अभाव में बरी कर दिया।
परिवार और स्थानीय लोग शुरू से ही इस केस में दबंग और प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाते रहे हैं। जांच में कथित लापरवाहियों, गायब साक्ष्यों और गवाहों की मौत जैसे कई सवाल खड़े हुए, जिसके चलते सोशल मीडिया पर #Justice For Soujanya फिर से उठने लगा। हाल ही में एक यूट्यूबर के वीडियो से मामला फिर सुर्खियों में आया, जिससे दबाव में आकर SIT ने धर्मस्थल में दोबारा खुदाई शुरू की, जहां अब तक 100 से ज्यादा हड्डियां और एक खोपड़ी मिलने का दावा किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications