कर्नाटक संकट पर विधानसभा अध्यक्ष का बड़ा बयान- कानून के मुताबिक नहीं दिए गए 13 में से 8 इस्तीफे
बेंगलुरु: कर्नाटक में राजनीतिक संकट के बीच अब विधानसभा स्पीकर केआर रमेश ने गवर्नर को पत्र लिखते हुए कहा है कि बागी विधायकों में से किसी ने भी मुझसे मुलाकात नहीं की है। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि 13 में से 8 विधायकों के इस्तीफे कानून के मुताबिक नहीं दिए गए हैं। मैंने उन्हें मेरे सामने पेश होने के लिए समय दिया है और मैं भरोसा जताता हूं कि मैं संवैधानिक नियमों का पालन करूंगा।

8 विधायकों के इस्तीफे कानून के मुताबिक नहीं है
बता दें कि कर्नाटक की राजनीति के लिए आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि विधानसभा स्पीकर आज विधायकों के इस्तीफे पर फैसला लेंगे। उसके बाद यह तय करेंगे की आगे क्या करना है। जब विधायकों ने इस्तीफा दिया था तब स्पीकर देश से बाहर थे। लेकिन अब स्पीकर आ गए हैं ऐसे में विधायकों के इस्तीफे पर उनको फैसला करना है। अब स्पीकर ने 13 बागी विधायकों में से 8 इस्तीफे को कानून के मुताबिक नहीं है, बताया है। इसके बाद अब विधायक स्पीकर से मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे।

गोवा के लिए रवाना हो गए कई विधायक
इधर कांग्रेस-जेडीएस के विधायकों ने इस्तीफा देने के बाद मुंबई का रुख कर लिया था, लेकिन अब उनका नया ठिकाना गोवा है। इन विधायकों से मुलाकात करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार मुंबई पहुंचने वाले थे, लेकिन इस बात की जानकारी मिलते ही तमाम विधायक गोवा रवाना हो गए। लगातार कांग्रेस और जेडीएस के नेता इसस प्रयास में लगे हैं किसी भी तरह से मौजूदा सरकार को बचा लिया जाए। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस और जेडीएस के तमाम मंत्रियों ने भी अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है, ताकि इन बागी विधायकों को मंत्री पद दिया जा सके।

इस्तीफा वापस नहीं लेने पर अड़े विधायक
मंगलवार दोपहर खबर आई की कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्वामी देवनहल्ली में नंदी हिल्स रोड स्थित प्रेस्टीज गोल्फशायर क्लब के पहुंचे जहां पर जेडीएस के विधायक रुके हुए हैं। इसी बीच बागी विधायकों में से एक कांग्रेस के एमएलए सोमशेखर ने कहा है कि हम इस्तीफा वापस नहीं लेंगे। हमें इस गंठबंधन में सुशासन नहीं दिखता है। विधायक बैठक करेंगे और भविष्य की योजना के बारे में फैसला करेंगे। एक दो दिन में हम अपने इस्तीफे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे। दूसरी ओर खबर ये भी है कि कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा भी एक्टिव हो गए हैं। उनके आवास पर बीजेपी नेता जुटने लगे हैं। मुरुगेश निरानी, उमेश कट्टी, जेएसी मधुस्वामी और के रत्ना प्रभा मंगलवार सुबह येदियुरप्पा के आवास पर पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications