कर्नाटक: साथी विधायक की हत्या के प्रयास के आरोपी कांग्रेस एमएलए गणेश गिरफ्तार
बेंगलुरू। अपनी ही पार्टी के विधायक आनंद सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोपी कर्नाटक के कांग्रेसी विधायक जेएन गणेश को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीते एक माह से फरार चल रह गणेश को गुजरात के सोमनाथ से पकड़ा गया है। कर्नाटक के गृहमंत्री एमबी पाटिल ने बताया है कि शाम को गणेश को बेंगलुरू लाया जाएगा और गुरुवार को रामनगर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जेएन गणेश पर 19 जनवरी को बेंगलुरू के एक रिजॉर्ट में साथी विधायक आनंद सिंह पर हमले का आरोप है। जहां पार्टी ने सभी विधायकों को इकट्ठा किया था। हमले में सिंह को काफी चोट आई थी और उन्हें कई दिन अस्पताल में रहना पड़ा था। घटना के बाद गणेश के आईपीसी की धारा 324 (जानबूझकर ख़तरनाक हथियार से चोट पहुंचाना), 307 (हत्या के प्रयास) और 506 (आपरधिक रूप से डराना-धमकाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस घटना के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। साथ ही कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए एक स्पेशल कमेटी का भी गठन किया है। कर्नाटक के डिप्टी सीएम जी परमेश्वरा की अध्यक्षता में ये कमेटी बनी है। जो पार्टी को रिपोर्ट देगी।
घटना के बाद एक और गणेश ने अपने आप को बेकसूर बताया था और कहा था कि उनका पक्ष नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने आनंद सिंह का सम्मान करने की बात कही थी। वहीं आनंद सिंह ने बताया था कि गणेश उनकी जान लेना चाहते थे इसलिए उन पर बोतल से हमला किया गया।












Click it and Unblock the Notifications