Karnataka CM: 'सत्ता खींचतान' के बीच दिल्ली पहुंचे डीके शिवकुमार, सीएम सिद्धारमैया के तंज ने बढ़ाया सस्पेंस
Karnataka CM Tussle: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में है। इसी बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 4 नवंबर को बेंगलुरु के लिए रवाना होने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की।
हालांकि उन्होंने साफ कहा कि उनकी यात्रा निजी कार्यक्रम के लिए है और इसका कोई राजनीतिक महत्व नहीं है। लेकिन उनके इस कदम पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की प्रतिक्रिया ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। विस्तार से जानिए सीएम सिद्धारमैया ने क्या कहा...

क्या बोले डीके शिवकुमार?
3 नवंबर को ही दिल्ली पहुंचे थे। जहां शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, "मैं आज दिल्ली एक निजी समारोह के लिए जा रहा हूं, इसमें किसी भी तरह की राजनीतिक अहमियत नहीं है।"
उन्होंने आगे बताया कि वह एक शादी में शामिल होने के अलावा कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली 14 दिसंबर की बड़ी रैली-'वोट चोरी' अभियान-की तैयारियों को लेकर भी कुछ चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कर्नाटक से कम-से-कम हर जिले के 300 कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की योजना है।
सिद्धारमैया का तंज-"मैं बुलावे पर ही दिल्ली जाऊंगा"
शिवकुमार की यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा- वह जाएं। मैं तो तभी जाऊंगा, जब मुझे कोई कॉल आएगा। अभी तक मुझे कोई आमंत्रण नहीं मिला। सिद्धारमैया का यह बयान सीधे-सीधे यह बताता है कि राज्य में सत्ता संतुलन को लेकर चल रही खींचतान अभी खत्म नहीं हुई है। यह बयान उस समय आया है जब कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार को सत्ता में आए ढाई साल पूरे हो गए हैं और सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हैं।
दोनों नेताओं की मुलाकातों के बावजूद जारी खींचतान
हाल के दिनों में सिद्धारमैया और शिवकुमार ने एक-दूसरे के घर पर नाश्ता करके अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश की थी। दोनों की मुस्कान और तस्वीरों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सबकुछ ठीक है, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और बयां करती है। कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान को लेकर लगातार नेता दिल्ली जाकर आलाकमान से मुलाकात कर रहे हैं।
दिल्ली जाने की खबर पर सिद्धारमैया का यह कहना-कि वह तभी दिल्ली जाएंगे जब उन्हें 'कॉल' किया जाएगा-स्पष्ट संकेत है कि राज्य की राजनीति में रस्साकशी अभी जारी है। दूसरी ओर शिवकुमार ने दोहराया कि उनकी यात्रा का कोई राजनीतिक महत्व नहीं है और उनका फोकस आगामी "वोट चोरी" रैली की तैयारियों पर है।
सिद्धारमैया मंगलुरु में, वेणुगोपाल के साथ लंच
शिवकुमार के दिल्ली पहुंचने के बीच सिद्धारमैया मंगलुरु गए, जहां उन्होंने सामाजिक सुधारक श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी की ऐतिहासिक मुलाकात की शताब्दी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्य भाषण दिया और बाद में सिद्धारमैया के साथ लंच भी किया। शिवकुमार से इस मुलाकात के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा सीएम वेणुगोपाल, राहुल गांधी या खड़गे से मिलें तो गलत क्या है?
नारों पर भी बोले शिवकुमार-"DK-DK कहना नया नहीं"
मंगलुरु एयरपोर्ट पर केसी वेणुगोपाल के आगमन पर शिवकुमार समर्थकों ने "DK DK" के नारे लगाए, जिस पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, लोग पिछले दस साल से 'DK DK' के नारे लगाते आ रहे हैं। इसमें गलत क्या है? जैसे कुछ 'Modi Modi' कहते हैं, कुछ 'Rahul Rahul', कुछ 'Siddu Siddu'।
यह लोगों का प्यार है। इसे सकारात्मक रूप से लेना चाहिए।
पावर स्ट्रगल अभी खत्म नहीं
कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता साझा करने को लेकर चल रहा संघर्ष एक बार फिर सामने आ गया है।हालांकि दोनों नेता सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के साथ खड़े दिखने की कोशिश करते हैं, लेकिन बयानबाज़ी कुछ और ही संकेत देती है। आने वाले दिनों में दिल्ली में पार्टी हाईकमान की बैठकें इस खींचतान को किस दिशा में ले जाएंगी, यह देखना दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications