'कल JDS का BJP में विलय....': कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया का बड़ा दावा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने जनता दल (सेक्युलर) को लेकर बहुत बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि यह आश्चर्य नहीं होगा, अगर आने वाले दिनों में इस पार्टी का बीजेपी में विलय हो जाए। राज्य में अब जेडीएस और बीजेपी का गठबंधन हो चुका है।
बुधवार को जेडीएस के दो पूर्व एमएलए और कुछ अन्य नेताओं ने राज्य के सीएम सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाइन किया है। इसी से उत्साहित मुख्यमंत्री ने विरोधी जेडीएस को लेकर तंज भरे अंदाज में बहुत बड़ी बात कह दी है।

देवगौड़ा परिवार पर सिद्दारमैया का जोरदार हमला
बेंगलुरु में कांग्रेस पार्टी के एक कार्यक्रम सिद्दारमैया ने कहा कि 'आने वाले समय में देश में राजनीति और वोटों का ध्रुवीकरण होगा, जिसमें सांप्रदायिक ताकतें एक तरफ और धर्मनिरपेक्ष दूसरी तरफ होंगी। बीजेपी कभी भी हिंदुत्व और हिंदू राष्ट्र बनाने की अपनी योजना से बाहर नहीं आएगी। देवगौड़ा और परिवार उसमें शामिल हो गए हैं।'
कल को अगर जेडीएस बीजेपी में विलय कर जाता है तो आश्चर्य नहीं होगा'
उन्होंने यह भी कहा कि जेडीएस राजनीतिक पार्टी नहीं, देवगौड़ा और उनके परिवार की पार्टी है। वह बोले, 'यह एक परिवार की पार्टी है।' इसके बाद सिद्दारमैया ने यहां तक दावा कर दिया कि 'कल को अगर जेडीएस बीजेपी में विलय कर जाता है तो इसमें आश्चर्य नहीं होगा.....मुझे कहीं न कहीं लगता है कि जब तक देवेगौड़ा रहेंगे, तब तक यह एक अलग राजनीतिक पार्टी के रूप में रहेगा और राजनीतिक वजहों से विलय नहीं होगा, लेकिन उसके बाद यह विलय हो जाएगा।'
दरअसल, सिद्दारमैया कुमारस्वामी से राजनीतिक तौर पर ज्यादा नाराज लग रहे हैं। क्योंकि, उन्होंने कहा है कि इन दिनों बीजेपी से अधिक कुमारस्वामी कांग्रेस सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं।
जेडीएस नेताओं के कांग्रेस में आने से उत्साहित है पार्टी
बुधवार को जेडीएस के दो पूर्व विधायक तुमकुरु ग्रामीण के गौरी शंकर और दासरहल्ली के आर मंजूनाथ ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इसी मौके पर सिद्दारमैयान ने जेडीएस को अब 'सांप्रदायिक' बताना शुरू कर दिया है।
जेडीएस अब धर्मनिरपेक्ष पार्टी नहीं- सिद्दारमैया
उन्होंने कहा, 'मैं जनता दल-एस(सेक्युलर) नहीं कहूंगा....क्योंकि बीजेपी के साथ हाथ मिलाने के बाद उन्हें 'एस' हटाना होगा। उनके पास अपनी पार्टी के नाम के साथ 'एस' लगाने की पात्रता नहीं रह गई है, क्योंकि वे अब धर्मनिरपेक्ष पार्टी नहीं हैं.....'
जब मैं जेडीएस में था तो वह सेक्युलर था-सिद्दारमैया
जेडीएस नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने पर वे बोले, 'नेताओं ने सांप्रदायिक जनता दल को छोड़कर धर्मनिरपेक्ष कांग्रेस ज्वाइन कर लिया है और मैं इनका स्वागत करता हूं।' सीएम ने इस बात का भी जिक्र किया कि पहले वे और गौरी शंकर के पिता दिवंगत सी चेन्निगप्पा एकसाथ जेडीएस में थे। उनके मुताबिक, 'जब हम वहां थे, यह जनता दल सेक्युलर था।'
'अगर नहीं तो जनता हटा देगी'
उन्होंने जेडीएस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, 'जब हम उन्हें बीजेपी की बी टीम कहते थे, तो देवगौड़ा और कुमारस्वामी जैसे जेडीएस नेता अक्सर नाराज हो जाते थे, लेकिन अब वे आधिकारिक तौर पर बीजेपी के साथ हैं। हमें उन्हें क्या कहना चाहिए? क्या हमें उन्हें अब भी जेडीएस कहना चाहिए? अब वे सिर्फ जनता दल हैं, अगर वे खुद ही अपने नाम से एस---सेक्युलर हटा देते हैं तो यह अच्छा है.....अगर नहीं तो जनता हटा देगी।'












Click it and Unblock the Notifications