Karnataka Road Accident: बस और लॉरी की टक्कर में जिंदा जल गए 9 यात्री, PMO ने की मुआवजे की घोषणा
Karnataka Chitradurga Road Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर हिरियूर तालुख के गोरलाथु क्रॉस के पास एक निजी स्लीपर कोच बस और लॉरी के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद बस में आग लग गई।
पुलिस के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है, जबकि 21 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। PMO इंडिया ने घटना पर दुख जताया है। हादसा उस वक्त हुआ जब हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रही एक लॉरी अनियंत्रित होकर सेंट्रल डिवाइडर को पार कर गई और सामने से आ रही निजी बस से जा टकराई।

पैसेंजर्स को नहीं मिला बाहर निकलने का मौका
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। यह बस बेंगलुरु से शिवमोगा की ओर जा रही थी। हाईवे के बीचों-बीच बस के आग का गोला बनने के कारण अंदर सवार कई यात्री फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
PMO ने घटना पर जताया दुख, अनुग्रह राशि का ऐलान
PMO इंडिया ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है। पीएम मोदी के हवाले से लिखा, 'कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। PMNRF से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'
कर्नाटक के CM ने भी जताया दुख, किया ये ऐलान
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि, 'चित्रदुर्ग में हुए भयानक हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा। इस मामले में जांच की जाएगी, हादसे की वजह का पता लगाया जाएगा और जरूरी कदम उठाए जाएंगे।'
घायलों को अस्पताल में किया भर्ती
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री खिड़कियों से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वे भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हताहतों की अंतिम संख्या का स्पष्ट पता पूरी जांच और ऑडिट के बाद ही चल पाएगा।
किसकी गलती से हुआ इतना बड़ा हादसा?
शुरुआती पुलिस जांच में हादसे की वजह लॉरी ड्राइवर की लापरवाही बताई जा रही है। टक्कर और उसके बाद लगी भीषण आग ने पूरी बस को खाक कर दिया है, जिससे बचाव कार्यों में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मलबे के कारण व्यस्त हाईवे पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिसे इमरजेंसी टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद साफ कराया।
घटना का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही चित्रदुर्ग के पुलिस अधीक्षक (SP) रंजीत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनकी निगरानी में ही जांच प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इस संबंध में हिरियूर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वास्तव में किन परिस्थितियों की वजह से यह हादसा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications