भाजपा विधायक ईश्वरप्पा बोले- आरएसएस का झंडा एक दिन भारत का राष्ट्रीय ध्वज बनेगा
भाजपा विधायक ईश्वरप्पा बोले-
बेंगलुरू, 30 मई: कर्नाटक में भाजपा के एमएलसी और पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने कहा है कि भगवा झंडा भविष्य में देश का राष्ट्रीय ध्वज बनेगा और इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। सोमवार को ईश्वरप्पा ने कहा कि भगवा के प्रति हमारा सम्मान हजारों साल से है। भगवा झंडा बलिदान की निशानी है और आरएसएस का झंडा एक दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा, इसमें कोई शक नहीं है।

ईश्वरप्पा ने कहा, इस देश में भगवा ध्वज का लंबे समय से सम्मान किया जाता रहा है। इसका हजारों साल पुराना इतिहास है। भगवा ध्वज बलिदान का प्रतीक है। आरएसएस में हम भगवा ध्वज के सामने प्रार्थना करते हैं। भगवा झंडा एक दिन इस देश में राष्ट्रीय ध्वज बनेगा। उन्होंने ये भी कहा कि तिरंगा हमारे संविधान के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज है और हम तिरंगा को इस आधार पर वह सम्मान देते हैं जिसका वह हकदार है।
पहले भी दिया था ऐसा ही बयान
केएस ईश्वरप्पा ने कुछ समय पहले भी कहा था कि आने वाले वक्त में भगवा झंडा तिरंगे की जगह ले सकता है। इसमें लंबा वक्त लग सकता है लेकिन भविष्य में भगवा झंडा लाल किले पर लहराएगा। इसको लेकर उनको विपक्ष की तीखी आलोचना का भी शिकार होना पड़ा था। अब एक बार फिर वो विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं।
ठेकेदार की मौत के मामले में ईश्वरप्पा को देना पड़ा था इस्तीफा
कर्नाटक सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री रहे केएस ईश्वरप्पा के बीते महीने ठेकेदार संतोष पाटिल को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने का मामले में इस्तीफा देना पड़ा था। बेलगावी के रहने वाले ठेकेदार संतोष पाटिल उडुपी के एक होटल में मृत मिले थे। उन्होंने ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसके कुछ हफ्ते बाद उनकी लाश मिली। पाटिल ने वॉट्सऐप संदेश और सुसाइड नोट में ईश्वरप्पा को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।












Click it and Unblock the Notifications