कर्नाटक में किसकी बनेगी सरकार? शरद पवार ने की भविष्यवाणी
शरद पवार ने इंटरव्यू में कहा कि कर्नाटक चुनाव को अगले साल होने वाले राष्ट्रीय चुनाव के नजरिए से नहीं देखा जा सकता है। हालांकि बीजेपी अपने अभियानों में राष्ट्रीय मुद्दों को राज्य के मुद्दों से जोड़ने की कोशिश करती है।

कर्नाटक में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके लिए चुनाव प्रचार तेज हो चुका है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में इस बार कर्नाटक में किसकी जीत होगी, इसे लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता शरद पवार ने अपना अनुमान लगाया है।
कर्नाटक की कुल 224 विधानसभा सीटों पर 10 मई को वोटिंग होगी और नतीजे 13 मई को आएंगे। राज्य में चुनावी सरगर्मी बढ़ चुकी है। रैली और सभाओं का दौर जारी है। इस बीच कर्नाटक चुनाव में किसको जीत मिलेगी, इसे लेकर शरद पवार ने बड़ा बयान दिया है। एनसीपी चीफ ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया है।
एनडीटीवी को दिए अपने इंटरव्यू में एनसीपी नेता शरद पवार ने कहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में चुनाव है और मेरा आकलन है कि कांग्रेस जीतेगी।
पवार ने कहा कि कर्नाटक चुनाव को अगले साल होने वाले राष्ट्रीय चुनाव के परिप्रेक्ष्य से नहीं देखा जा सकता है, हालांकि भाजपा अपने कैंपेन में राष्ट्रीय मुद्दों को राज्य के मुद्दों से जोड़ती है। उन्होंने कहा, "मेरा आकलन है कि दो तरह के चुनाव होते हैं। केंद्र सरकार के लिए एक राष्ट्रीय चुनाव और राज्यों के लिए विधानसभा। मेरा व्यक्तिगत आकलन यह है कि राज्य के चुनाव एक अलग खेल हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में भाजपा की सरकारें नहीं हैं। कर्नाटक में चुनाव है और मेरा आकलन है कि कांग्रेस जीतेगी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री थे, हालांकि विधायक टूट गए और भाजपा ने बाद में सरकार बनाई। राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, पश्चिम बंगालऐसे कई राज्य हैं जहां पर गैर-बीजेपी सरकारें हैं।
वहीं अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में शरद पवार ने कहा कि विपक्ष को एकजुट मिलकर कुछ करने की जरूरत है, वरना भाजपा को हराना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, "बीजेपी को (2024 में) नजरअंदाज करना बहुत मुश्किल होगा। अगर हम (विपक्ष) साथ मिलकर कुछ नहीं करेंगे तो हमारे लिए कुछ भी काम नहीं आएगा।"












Click it and Unblock the Notifications