कर्नाटक भाजपा चीफ नलिन कुमार बोले, नाली-सड़क छोटे मुद्दे, हमारी प्राथमिकता 'लव जिहाद' रोकना
कर्नाटक भाजपा चीफ नलिन कुमार कटील ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता लव जिहाद है। आप लोग सड़क-नाली जैसे छोटे मुद्दों की बजाए इसपर ध्यान दीजिए।

Road and Sewage are small issue: कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद नलिन कुमार कटील ने ऐसा बयान दिया है जिसकी वजह से वह विवादों में घिर गए है। मेंगलुरू में बूथ विजय अभियान कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नलिन कुमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग सड़क-नाली की बजाए लव जिहाद जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करिए। भाजपा सांसद का यह विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो हो रहा वायरल
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमे सुना जा सकता है कि कटील कह रहे हैं कि मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि आप छोटे मुद्दों जैसे सड़क-नाली पर मत बोलिए । अगर आप लोग अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं, आप लव जिहाद को रोकना चाहते हैं तो हमे भारतीय जनता पार्टी की जरूरत है। लव जिहाद को खत्म करने के लिए हमे भारतीय जनता पार्टी की जरूरत है। भाजपा अध्यक्ष के इस बयान पर लोग सोशल मीडिया पर उनकी क्लास लगा रहे हैं।
कांग्रेस ने साधा निशाना
ट्विटर पर कई यूजर्स ने इन मुद्दों को उठाते हुए कहा कि सड़क और कनेक्टिविटी छोटे मुद्दे नहीं हैं। कर्नाटक कांग्रेस चीफ डीके शिवकुमार ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने काफी खराब संदेश दिया है। यह इस बात का सबूत है कि ये लोग नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, देश को तोड़ना चाहते हैं, इन लोगों के लिए विकास मुद्दा है ही नहीं। हम जहां विकास, रोजगार, भुखमरी, महंगाई जैसे मुद्दे उठा रहे हैं, वहीं ये लोग लोगों की भावनाओं से खेल रहे हैं। गौर करने वाली बात है कि कर्नाटक में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।
अमित शाह ने मंदिर को लेकर दिया था बयान
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कटील ने कहा था कि पीएफआई दंगे फैला रही थी उसे प्रतिबंधित कर दिया गया। इन लोगों ने कई हिंदू एक्टिविस्ट की हत्या की साजिश रची थी। अगर पीएफआई पर प्रतिबंध नहीं लगा होता तो भाजपा नेता मोनप्पा भांडरे और हरी कृष्ण मंच पर नहीं होते। इन लोगों की तस्वीर पर सिर्फ फोटो होती। गौर करने वाली बात है कि 31 दिसंबर को गृहमंत्री अमित शाह ने बेंगलुरू में कहा था कि कर्नाटक के लोगों के लिए इस बार का चुनाव यह तय करने का है कि वह उन लोगों के साथ जाना चाहते हैं जो हिंदू धर्मस्थल जैसे अयोध्या राम मंदिर और बद्रीनाथ का विकास कर रहे हैं या फिर जो टीपू सुल्तान का महिमामंडन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications