'पद्मावती' विवाद : दीपिका के समर्थन में कपिल शर्मा, कहा- उन्हें धमकी देना ठीक नहीं

नई दिल्ली। फिल्म पद्मावती को लेकर लगातार किसी न किसी संगठन की तरफ से धमकियां मिल रही हैं। इस फिल्म के चलते ही राजपूत करणी सेना भी पिछले कई दिनों से धमकी दे रही है। इस फिल्म को लेकर पद्मावती का किरदार निभा रही दीपिका पादुकोण को भी धमकी दी गई है। दीपिका के बचाव में सुनील शेट्टी के बाद अब कपिल शर्मा भी उतर गए हैं। वह अपनी आने वाली फिल्म फिरंगी के प्रचार के लिए दिल्ली में थे, जिस दौरान उन्होंने दीपिका पादुकोण के बचाव में यह बात कही है।

ये बोले कपिल शर्मा
कपिल शर्मा ने कहा है कि किसी को भी अपनी राय व्यक्त करने और किसी भी चीज पर अपनी असहमति जताते हुए प्रदर्शन करने का हक है, लेकिन किसी को जान से मारने की धमकी देना पूरी तरह से गलत है। वह बोले एक तरफ तो आप दीपिका को राष्ट्रीय गौरव कहते हैं, महिला सशक्तिकरण की बातें करते हैं और दूसरी ओर धमकियां देते हैं। मुझे लगता है कि यह सभी को गलत लगना चाहिए।

क्या कहा था सुनील शेट्टी ने?
सुनील शेट्टी ने कहा था कि संजय लीला भंसाली जी, रणवीर सिंह जी, दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर इज्जतदार लोग हैं। राजपूत कॉम के लिए मेरे मन में बहुत इज्जत है, मैं खुद भी एक क्षत्रिय हूं। वह बोले कि एक मौके देना चाहिए जहां उन लोगों को फिल्म दिखाई जा सके, जिसके बाद फैसला किया जाए कि इसे रिलीज करना है या नहीं। वह बोले- मुझे नहीं लगता कि फिल्म में ऐसा कुछ होगा जो लोगों को खराब लगे।

क्या दी थी धमकी?
आपको बता दें कि करणी सेना दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की फिल्म पद्मावती का विरोध कर रही है और इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है। करणी सेना के अध्यक्ष लोकेन्द्र नाथ ने तो दीपिका की नाक काट देने की धमकी भी दी थी। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश के शामली जिले के एक राजपूत (ठाकुर) समाज ने संजय लीला भंसाली का सिर काटकर लाने वाले को 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications