'अच्छे दिन' पर सवाल उठाकर मुश्किल में फंसे कपिल शर्मा, केस दर्ज
मुंबई। बीएमसी के अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ट्वीट करने के बाद कॉमेडियन कपिल शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बीएमसी के सब-इंजीनियर अभय जगताप ने कपिल शर्मा के खिलाफ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में जगताप ने आरोप लगाया कि गोरेगांव में न्यू लिंक रोड पर डीएलएच एन्क्लेव में स्थित अपने आवास में कपिल शर्मा ने अवैध निर्माण किया है। शिकायत के आधार पर कपिल शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र रीजनल टाउन प्लानिंग एक्ट (MRTP) 1966 की धारा 53(7) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
उसी बिल्डिंग में 15 अन्य को भी नोटिस
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कपिल के अलावा उसी बिल्डिंग में करीब 15 अन्य फ्लैट्स में भी अवैध निर्माण हुआ है। इन सभी के मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
ट्वीट करके चर्चा में आए थे कपिल
बता दें कि बीते सप्ताह कपिल शर्मा तब अचानक चर्चा में आ गए थे, जब उन्होंने ट्वीट करके बीएमसी के अधिकारी पर पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। उन्होंने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सवाल किया था कि क्या यही अच्छे दिन हैं।
MNS नेता ने भी दर्ज कराई शिकायत
बीएमसी की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने से पहले राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस के एक नेता ने भी कपिल शर्मा के खिलाफ शिकायत दी है। संदीप देशपांडे नाम के नेता ने कपिल के खिलाफ वर्सोवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कपिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की है।
तो जेल जा सकते हैं कपिल शर्मा
अवैध निर्माण के मामले में अगर कपिल शर्मा के खिलाफ सबूत सही पाए गए तो उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। जिन धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है उसमें एक महीने से तीन साल तक की जेल और 2000 रुपये से 5000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।












Click it and Unblock the Notifications