गिरिराज सिंह पर कन्हैया कुमार, RJD ने कसा तंज, बेगूसराय से डर गए क्या?
नई दिल्ली। जेएनयू के पूर्व छात्र और छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। गौर करने वाली बात यह है कि गिरिराज सिंह बेगूसराय से चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन उनके विरोध के बावजूद पार्टी ने गिरिराज सिंह को बेगूसराय से टिकट दिया। गिरिराज सिंह पर कन्हैया कुमार ने तंज कसते हुए ट्वीट किया है।

कन्हैया कुमार उड़ाया मजाक
कन्हैया कुमार ने ट्वीट करके लिखा कि बताइए, लोगों को ज़बरदस्ती पाकिस्तान भेजने वाले ‘पाकिस्तान टूर एंड ट्रेवेल्स विभाग' के वीज़ा-मन्त्री जी नवादा से बेगूसराय भेजे जाने पर हर्ट हो गए। मन्त्री जी ने तो कह दिया "बेगूसराय को वणक्कम"। इससे पहले गिरिराज सिंह ने कहा कि किसी भी सांसद की बिहार में सीट नहीं बदली गई लेकिन सिर्फ मेरी सीट को बदला गया इससे मैं आहत हूं। गिरिराज सिंह ने कहा कि मुझसे बिना राय लिए ही पार्टी ने यह फैसला लिया है।

बेगूसराय से मुझे कोई व्यक्तिगत दिक्कत नहीं
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रदेश भाजपा नेतृत्व को मुझे यह बताना चाहिए था कि ऐसा क्यों किया जा रहा है। बेगूसराय से मुझे कोई व्यक्तिगत दिक्कत नहीं है, लेकिन मैं अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं कर सकता हूं। बता दें कि गिरिराज सिंह उस वक्त विवादों में आए थे जब 2014 में उन्होंने कहा था कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते हैं उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। बता दें कि गिरिराज सिंह मौजूदा समय में बिहार के नवादा से भाजपा सांसद हैं, लेकिन यह सीट गठबंधन में लोक जनशक्ति पार्टी के खाते में चली गई है।

जनता दल ने साधा निशाना
गिरिराज सिंह पर तंज कसते हुए राष्ट्रीय जनता दल की ओर से भी ट्वीट किया गया है। ट्वीट करके गिरिराज सिंह की तुलना गिद्धराज से की गई है। ट्वीट में कहा गया है कि गिद्धराज बड़ा ड्रामेबाज है! सबको पाकिस्तान भेजने की पिपड़ी बजाने वाले की अपने गृह जिले में जाने की हिम्मत नहीं हो रही! अरे गिरगिटराज, राजद का इतना खौफ? 5 साल खूब बकैती किए, आओ फरिया लेते हैं!

सोशल मीडिया पर लोगों ने ली चुटकी
गिरिराज सिंह ने जिस तरह से नवादा से टिकट कटने के खिलाफ खुलकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है उसके बाद सोशल मीडिया पर तमाम लोग उनपर तंज कस रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि गिरिराज सिंह ने 2014 में कहा था "मोदी प्रधानमंत्री बन जाए तो हम लौहार तक कब्ज़ा कर लेंगे"। 2019 में बेचारा गिरिराज सिंह अपने ही संसदीय क्षेत्र नवादा के बाद बेगूसराय से भी टिकिट की दौड़ में बाहर हो गया। लाहौर वाला दावा तो भूल ही जाओ।












Click it and Unblock the Notifications