राधारमण की बड़ी सी तस्वीर, दीवारों पर बेहतरीन नक्काशी! '100-साल पुराना' कंगना रनौत का नया आशियाना
Kangana Ranaut New Home: बॉलीवुड की क्वीन और अब राजनीति की दुनिया में कदम रख चुकीं कंगना रनौत एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह न कोई फिल्म है, न कोई विवादित बयान। इस बार चर्चा का केंद्र है उनका नया आशियाना-दिल्ली का ऐतिहासिक सांसद बंगला। कंगना ने हाल ही में अक्षय तृतीया जैसे पावन अवसर पर इस बंगले में गृह प्रवेश किया है।
दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित यह बंगला कोई आम घर नहीं, बल्कि करीब 100 साल पुराना एक प्रतिष्ठित सरकारी आवास है, जिसे अब सांसद कंगना रनौत ने अपना नया ठिकाना बना लिया है। सोशल मीडिया पर गृह प्रवेश की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए कंगना ने अपने अंदाज में इस खास मौके को अपने फैंस के साथ बांटा। फोटोज में सामने की दीवार पर राधारमण की बड़ी सी तस्वीर भी नजर आ रही है।

कंगना ने दिखाई MP हाउस की झलक
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, "आखिरकार दिल्ली के MP हाउस में शिफ्ट होने का थोड़ा समय मिल ही गया। 100 साल पुराने इस बंगले को रिस्टोर करना आसान नहीं था। यह बहुत ही चुनौतीपूर्ण लेकिन संतोषजनक सफर रहा।"
ये भी पढ़ें: Kangana Ranaut News: 'चांद में दाग लेकिन वो बेदाग', कंगना रनौत ने PM मोदी की तारीफ में गढ़े कसीदे

उन्होंने आर्किटेक्ट दर्शिनी को टैग करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने बंगले की मरम्मत और सजावट में अहम भूमिका निभाई। पोस्ट में कंगना ने दर्शिनी के साथ पोज देती एक खूबसूरत तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों पुराने वक्त की एक गरिमामय विरासत को नया जीवन देने की खुशी साझा करते दिख रहे हैं।
बंगले में झलकता है सादगी और शान का मेल
इस ऐतिहासिक बंगले को सजाने वालीं आर्किटेक्ट दर्शिनी ने भी एक भावुक पोस्ट में बताया कि यह सिर्फ एक डिजाइन प्रोजेक्ट नहीं था, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा थी। उन्होंने लिखा, "दिल्ली के बीचोंबीच दशकों पुराना यह बंगला केवल दीवारों और छतों का ढांचा नहीं, बल्कि इतिहास और गरिमा से भरी एक शख्सियत है। इसे फिर से उसी आत्मा में लाना, बिना दिखावे और शॉर्टकट के, एक कठिन लेकिन बेहद सच्चा प्रयास था।"
उन्होंने यह भी बताया कि घर की दीवारों, छतों और कोनों में की गई बारीक हैंडपेंटिंग्स सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि उस महिला का प्रतिबिंब हैं जो अब यहां रहने वाली हैं-एक ऐसी महिला जो कला, आत्मबल और अभिव्यक्ति की मिसाल बन चुकी हैं।
बांद्रा के आलीशान बंगले को कहा अलविदा
दिल्ली के इस नए घर में बसने से पहले कंगना ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपना आलीशान बंगला बेच दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना ने यह बंगला 2017 में 20.7 करोड़ रुपये में खरीदा था और सितंबर 2024 में इसे करीब 32 करोड़ में बेचा। खास बात यह है कि इस प्रॉपर्टी पर उन्होंने 27 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिसका उपयोग उन्होंने अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म मणिकर्णिका को प्रोड्यूस करने में किया था।
फिल्मी करियर में ठहराव, अब नई उम्मीदें
अगर बात करें कंगना के फिल्मी करियर की, तो 2019 के बाद से उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली है। 'जजमेंटल है क्या' के बाद से कोई भी फिल्म हिट की श्रेणी में नहीं पहुंच सकी। हालिया फिल्म इमरजेंसी, जिसे कंगना ने खुद डायरेक्ट भी किया, दर्शकों को थिएटर तक खींचने में असफल रही।
हालांकि, अब उम्मीद है कि वह डायरेक्टर विजय की अगली फिल्म थलाइवी के पार्ट 2 में नजर आएंगी, जिसमें वह एक बार फिर आर. माधवन के साथ स्क्रीन साझा कर सकती हैं-यानी 'तनु वेड्स मनु' की जोड़ी फिर से एक साथ दिख सकती है।
संसद से स्क्रीन तक, कंगना की नई पारी
कंगना रनौत का दिल्ली में MP हाउस में गृह प्रवेश सिर्फ एक घर में शिफ्ट होने की खबर नहीं, बल्कि उनके नए राजनीतिक सफर की मजबूत शुरुआत का प्रतीक भी है। जहां एक ओर उनका फिल्मी करियर फिलहाल ठहराव से गुजर रहा है, वहीं राजनीति में वह खुद को मजबूती से स्थापित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही हैं।
ये भी पढ़ें: Kangana Ranaut Electricity Bill: हिमाचल बिजली बोर्ड ने बताया 'भ्रामक’, पेश किया पूरा हिसाब












Click it and Unblock the Notifications