अपने खिलाफ लिखने का आरोप लगा पत्रकार पर बरसीं कंगना, पूछा-इतना घटिया सोच कैसे लेते हो?
मुंबई। बॉलीवुड 'क्वीन' कंगना रनौत का विवादों से चोली-दामन का साथ है, वो चाहे ना चाहें वो अपनी बेबाक बातों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहती हैं, ताजा मामले में उन्होंने एक इवेंट में सरेआम सबके सामने एक पत्रकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई और उस पर घटिया सोच का आरोप लगाते हुए कहा कि तुमने जानबूझकर मेरी इमेज और मेरी फिल्म को खराब करने की कोशिश की लेकिन अफसोस तुम इसमें सफल नहीं हो पाए और ना ही हो पाओगे।

कंगना ने पत्रकार पर लगाए संगीन आरोप
दरअसल रविवार रात को एकता कपूर, कंगना रनौत और राजकुमार राव अपनी फिल्म 'जजमेंटल है क्या' के एक रीमिक्स प्रमोशनल सॉन्ग को लॉन्च करने पहुंचे थे। जहां पर एक पत्रकार ने सवाल करने के लिए जैसे अपना नाम बताया, कंगना उस पर भड़क गईं और कहा कि तुम इतना घटिया सोच कैसे लेते हो, कितनी गंदी सोच है तुम्हारी, कंगना के इतना कहते ही वहां खड़े सब लोग हैरान रह गए और उस पत्रकार की ओर देखने लगे।
कंगना ने पत्रकार से कहा-तुमने मेरे साथ वैनिटी वैन में 3 घंटे बिताए थे
दरअसल पत्रकार ने अपना नाम जैसे बताया, कंगना को उसके द्वारा लिखी एक ऐसी खबर याद आ गई, जो फिल्म 'मणिकर्णिका' के दौरान कथित तौर कंगना के खिलाफ लिखी थी। कंगना ने कहा कि तुमने पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर रिपोर्ट लिखी थी, जबकि तुमने 'मणिकर्णिका' से संबंधित एक इंटरव्यू के दौरान मेरी वैनिटी वैन में तीन घंटे बिताए थे और मेरे साथ लंच भी किया था। कंगना ने कहा कि तुमने तो मुझे पर्सनल मैसेज भी भेजे थे, बावजूद इसके तुमने मेरी और मेरी फिल्म 'मणिकर्णिका' के खिलाफ अनाप-शनाप बातें ट्वीट की।

पत्रकार ने किया कंगना के सारे आरोपों से इंकार
जबकि वो पत्रकार कंगना के सारे आरोपों से इंकार करता रहा और कहा कि मैसेज अगर भेजे थे तो प्लीज मुझे दिखाइए, जिस पर कंगना ने कहा कि वह बाद में इसे जरूर शेयर करेंगी। कंगना बार-बार पत्रकार को घटिया कहती रहीं और वो पत्रकार बिना आपा खोए यही कहता रहा कि उसने कुछ नहीं किया है, कंगना उस पर गलत आरोप लगा रही हैं। पत्रकार ने उनके साथ कभी लंच किया और न ही वैनिटी वैन में उनके साथ तीन घंटे बिताए हैं, मगर कंगना कुछ भी सुनने के मूड में नहीं थीं।

एकता कपूर ने संभाली बात
इस मौके पर फिल्म की निर्माता एकता कपूर, फिल्म के हीरो राजकुमार राव, लेखिका कनिका ढील्लन और फिल्म के निर्देशक प्रकाश कोवलामुडी भी मंच पर मौजूद थे, विवाद को बढ़ता देख एकता कपूर ने बीच-बचाव करने और मामले को शांत करने की कोशिश की लेकिन कंगना का पारा सातवें आसमान पर ही रहा और वो पत्रकार पर आरोप लगाती ही रहीं।












Click it and Unblock the Notifications