कमलनाथ का पीएम मोदी पर तंज- मुंह चलाने और देश चलाने में बहुत अंतर
भोपाल। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जारी घमासान के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। सीएम कमलनाथ ने कहा कि पीएम मोदी ध्यान मोड़ने के लिए कभी राष्ट्रवाद की बात करेंगे, कभी पाकिस्तान की बात करेंगे लेकिन नौजवानों और किसानों की बात नहीं करेंगे। कमलनाथ संत रविदास जयंती पर आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि मुंह चलाने और देश चलाने में बहुत अंतर होता है। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में बेरोजगारी और किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़े हैं। कमलनाथ ने कहा, 'अब वह ( पीएम मोदी) किसानों और युवाओं के बारे में बात नहीं करते हैं। वह अब इन मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सीएए और पाकिस्तान के बारे में बात कर रहे हैं।'
कमलनाथ ने कहा कि लेकिन देश के लोग इस नौटंकी को समझ गए हैं ... देश चलाने और खोखली बातें करने में बहुत अंतर होता है। कमलनाथ ने यह भी आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में भाजपा के 15 साल के लंबे शासन के दौरान जितनी इंडस्ट्री शुरू की गई थीं, उससे अधिक अब बंद हो गई हैं। कमलनाथ ने आश्वासन दिया कि दूसरे चरण में, उनकी सरकार राज्य के किसानों के दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करेगी।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर देश के कई राज्यों में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हो रहा है। 15 दिसंबर से दिल्ली के शाहीन बाग में विरोध प्रदर्शन हो रहा है जो लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार नागरिकता संशोधन कानून को वापस ले, जबकि सरकार का कहना है कि विपक्ष इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications